Bihar Crime: पटना के आनंदपुरी इलाके में रिटायर्ड कर्मी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

Bihar Crime बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने पुलिस को चुनौती देते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की है। पटना के आनंदपुरी इलाके के एक घर को निशाना बनाकर अपराधियों ने फायरिंग की है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।

By Rahul KumarEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 12:10 PM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 12:10 PM (IST)
Bihar Crime: पटना के आनंदपुरी इलाके में रिटायर्ड कर्मी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पटना में अपराधियों ने की फायरिंग । सांकेतिक तस्वीर

 पटना, जागरण संवाददाता। Bihar Crime बिहार की राजधानी पटना में एक बार फिर से अपराधियों ने पुलिस को चुनौती दी है। पटना में अपराधियों ने ताबडतोड़ फायरिंक की घटना को अंजाम दिया है। एसके पुरी थाना क्षेत्र के आनंदपुरी इलाके में गुरुवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने एक मकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गनीमत रही कि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। हालांकि फायरिंग से इलाके के लोगों में दहशत फैल गई। गोली मकान की खिड़की को निशाना बनाकर चलाई गई थी। इसमें खिड़की के शीशे टूट गए। गोली किसने और क्यों चलाई इसका पता फिलहाल नहीं चल सका है। 

रिटायर्ड सरकारी कर्मी के घर पर फायरिंग

फायरिंग की घटना के बाद थानेदार एसके सिंह ने बताया कि गोली चलाने वालों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज निकलवाए जा रहे हैं। वहीं, स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।जानकारी के मुताबिक आनंदपुरी स्थित मेहंदी उत्सव हाल के समीप सेवानिवृत सरकारी कर्मी ललन सिंह का मकान है। वहां वह नहीं रह रहे हैं। मकान में निर्माण कार्य चल रहा है। फिलहाल वहां कंस्ट्रक्शन का काम करने वाले राकेश कुमार और अन्य लाेग रह रहे हैं।

गार्ड ने भाग कर बचाई जान

गुरुवार की रात करीब सवा दस बजे दो बाइक पर सवार चार बदमाश वहां आए और उन्होंने मकान को निशाना बना गोलियां चलानी शुरू कर दी। बताया जाता है कि बदमाशों ने पांच गोलियां चलाईं। गोली चलने की आवाज सुनते ही लोग दहशत से घरों में घुस गए। मकान का गार्ड जिसका नाम भी ललन है उसने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। भागने के दाैरान उसके पांव में चाेटें आईं। बाद में राकेश की सूचना पर एसके पुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मकान काे लेकर विवाद अथवा रंगदारी को लेकर वारदात की बात सामने आ रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल इस मामले की छानबीन जारी है।

chat bot
आपका साथी