बिहार में 18 से 40 उम्र वाले 4.39 करोड़, अगर रोज 75 हजार को लगे टीका तो भी लगेगा इतना समय

Bihar Coronavirus Vaccination News Update बिहार में रोज करीब 75 हजार युवाओं को नियमित टीका दिया गया तब भी इस लक्ष्य को हासिल करने में करीब साढ़े 19 महीने लगेंगे। इसमें 45-59 और 60 से अधिक उम्र के लोग शामिल नहीं। लिहाजा वैक्सीन लगाने की गति तेज करनी होगी।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 10:41 AM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 02:56 PM (IST)
बिहार में 18 से 40 उम्र वाले 4.39 करोड़, अगर रोज 75 हजार को लगे टीका तो भी लगेगा इतना समय
बिहार में कोरोना टीकाकरण को लेकर चिंताजनक स्थिति है। प्रतीकात्मक तस्वीर।

पटना, स्‍टेट ब्यूरो। Bihar Coronavirus Vaccination News Update एक मई से देश की 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को कोरोना की वैक्सीन दी जाएगी। फिलहाल औसतन 70 हजार लोगों को वैक्सीन रोजाना लग रही। बिहार में रोज करीब 75 हजार युवाओं को नियमित टीका दिया गया, तब भी इस लक्ष्य को हासिल करने में करीब साढ़े 19 महीने लगेंगे। इसमें 45-59 और 60 से अधिक उम्र के लोग शामिल नहीं। लिहाजा वैक्सीन लगाने की गति तेज करनी होगी।  

बिहार में 16 जनवरी से शुरू हुआ टीकाकरण अभियान

चुनाव आयोग के आंकड़ों की माने तो राज्य में 18 से से 40 आयु के लोगों की कुल तादाद 4.39 करोड़ से ज्यादा है। इनमें 18-19 उम्र के लोगों की संख्या 10,79,127 है। इनके अलावा 20-29  वालों की आबादी 1,67,26,149, 30-39 उम्र के लोगों की संख्या 1,99,62,820 और 40-45 उम्र के लोगों की संख्या करीब 62 लाख है। यानी 4.39 करोड़ से कहीं ज्यादा। देश के साथ बिहार में टीकाकरण का अभियान 16 जनवरी से शुरू हुआ था। अब तक करीब 95 दिन की अवधि बीत चुकी है इस दौरान हेल्थ वर्कर, फ्रंटलाइन वर्कर, 45-59 उम्र और 60 से अधिक उम्र के लोगों को मिलाकर 61.68 लाख लोगों का टीकाकरण हो पाया है। इसमें 8.35 वैसे लोग भी हैं जिन्हें टीके की दूसरी डोज दी जा चुकी है।

वैक्सीनेशन को रफ्तार देने की जरूरतः स्वास्थ्य विभाग

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मानते हैं कि राज्य में टीकाकरण को और रफ्तार देने की दरकार है। मगर वैक्सीन की उपलब्धता और पंजीकरण के आधार पर टीकाकरण होता है। बिहार में शुरुआती दौर में टीकाकरण की रफ्तार तेज थी, लेकिन संक्रमण के नए मामले सामने आने के बाद से अमूमन 75 हजार से एक लाख लोगों का औसतन टीकाकरण हो रहा है। राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक मनोज कुमार के अनुसार 18 से अधिक उम्र के लोगों के टीकाकरण का निर्देश प्राप्त होने पर तैयारियों को लेकर सरकार विमर्श करेगी। इसके बाद फैसला लिया जाएगा कि टीकाकरण किस प्रकार से किया जाना है और रोज कितने लोगों का टीका दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी