झारखंड सीएम हेमंत सोरेन के बयान पर बिहार CM नीतीश का जवाब-हम तो भाई हैं, जिन्हें लाभ लेना है लें

नीतीश कुमार ने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के मगही और भोजपुरी वाले बयान का जवाब दिया। पटना में नीतीश ने कहा कि झारखंड और बिहार भाई-भाई हैं। नीतीश ने कहा अगर किसी को इससे राजनीतिक लाभ होता है तो वो ले।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 03:15 PM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 03:58 PM (IST)
झारखंड सीएम हेमंत सोरेन के बयान पर बिहार CM नीतीश का जवाब-हम तो भाई हैं, जिन्हें लाभ लेना है लें
बिहार सीएम नीतीश कुमार और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन। जागरण आर्काइव।

जागरण टीम, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के मगही और भोजपुरी वाले बयान का जवाब दिया। पटना में जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि झारखंड और बिहार भाई-भाई हैं। हम तो झारखंड वालों को अपना ही मानते हैं। नीतीश ने कहा अगर किसी को इससे राजनीतिक लाभ होता है तो वो ले। इस दौरान पंजाब के राजनीतिक घटनाक्रम से जुड़े सवाल पर नीतीश ने कहा उससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है। 

नीतीश ने कहा कि 2020 में बिहार दो हिस्सों में बंटा, पहले तो एक ही था। हमारा स्नेह आज भी पड़ोसी राज्य पर बना हुआ है। बिहार के लोगों को झारखंड के प्रति पूरा प्रेम है। झारखंड के लोग भी बिहार वालों को पंसद करते हैं। बिहार के लोगों की झारखंड वासियों के प्रति गलत भावना नहीं है। नीतीश ने कहा कि बिहार-झारखंड एक ही परिवार के हैं। लोग राजनीति को ध्यान में रखते हुए बोलते रहते हैं, ये बात समझ नहीं आती। 

कभी थी मायूसी आज है कुछ याद?

नीतीश ने कहा जिस वक्त बिहार और झारखंड अलग हुए थे तब लोगों में मायूसी थी। लोग कहते थे कि झारखंड अलग हो गया तो बिहार बरबाद हो जाएगा, लेकिन अब बताइए कि क्या है कुछ याद? नीतीश ने कहा कि जो भाषा बिहार में बोली जाती है क्या वो झारखंड के लोग नहीं बोलते? इन सब बातों के विषय में सोचना नहीं चाहिए। नीतीश ने कहा कि अगर इसका किसी को लाभ मिलता है तो वो ले, हम तो इस तरह की बातों के बारे में नहीं सोचते।

हेमंत के इस बयान पर विवाद

बता दें कि हाल ही में हेमंत सोरेन ने कहा था कि भोजपुरी और मगही भाषा झारखंड की नहीं बिहार की है। झारखंड का बिहारीकरण किया जा रहा है। हेमंत ने कहा था कि भोजपुरी में महिलाओं को गंदी-गंदी बातें कही जाती हैं। 

chat bot
आपका साथी