Bihar Cabinet Expansion: सीएम नीतीश की कैबिनेट में कई नए चेहरे को लाएगी भाजपा, नए मंत्रियों की रेस में शामिल हैं ये नाम

भाजपा इस बार कैबिनेट में क्षेत्रीय संतुलन साधने में कई नये नेताओं को उभारेगी । कैबिनेट विस्तार में मगध अंग और कोसी को नुमाइंदगी देने की तैयारी है। जातीय संतुलन के लिहाज से कुशवाहा और कायस्थ बिरादरी ने भी मंत्री पद की आस संजो रखी है।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Thu, 21 Jan 2021 03:48 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 06:10 PM (IST)
Bihar Cabinet Expansion: सीएम नीतीश की कैबिनेट में  कई नए चेहरे को लाएगी भाजपा, नए मंत्रियों की रेस में शामिल हैं ये नाम
भाजपा के वरिष्ठ रणनीतिकार कैबिनेट में क्षेत्रीय और जातीय समीकरण को सुलझाने में जुटे, सांकेतिक तस्‍वीर ।

पटना , राज्य ब्यूरो । बिहार में कैबिनेट विस्तार को लेकर भाजपा का शीर्ष नेतृत्‍व क्षेत्रीय व जातीय समीकरण की गुत्थी सुलझाने में  जुटी है। वर्तमान में अंग और मगध क्षेत्र नुमाइंदगी विहीन है। कैबिनेट में अगर जातीय संतुलन की बात करें तो कायस्थ, कुशवाहा, महादलित, मैथिल ब्राह्मण और मुसलमान को भी प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। कैबिनेट विस्तार को लेकर भाजपा के वरिष्ठ रणनीतिकार इसी पेच को सुलझाने के लिए माथापच्ची कर रहे हैं।

कायस्‍थ समाज से नीतिन नवीन रेस में आगे

क्षेत्रीय आधार पर गौर करें तो मगध क्षेत्र से पूर्व मंत्री डॉ. प्रेम कुमार का विकल्प तलाशने में पार्टी जुटी है। इसी तरह अंग प्रदेश में बांका से आने वाले रामनारायण मंडल के विकल्प के तौर पर नए नेता को पार्टी उभार देने की जतन कर रही है। कायस्थ समाज के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में मुख्य सचेतक पद से हटाए गए अरूण सिन्हा की जगह मंत्री पद की रेस नितिन नवीन आगे चल रहे हैं। नितिन फिलवक्त छत्तीसगढ़ के सह प्रभारी हैं। युवा नेतृत्व के लिहाज से पार्टी में नितिन नवीन का स्‍थान शीर्ष पर है।

प्रेम का विकल्प बनेंगे चंद्रवंशी समाज का चेहरा प्रमोद

भाजपा मगध क्षेत्र से गैर विधायक और चंद्रवंशी समाज के वरिष्ठ कार्यकर्ता को मंत्री बनाकर पार्टी उभार दे सकती है। पार्टी में अंदर खाने चर्चा है कि मगध क्षेत्र से नया चेहरा मंत्री बनेगा। ऐसे चेहरे में पार्टी पदाधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रहे नेता पर पार्टी दांव लगा सकती हैं। इसमें भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद चंद्रवंशी का नाम सबसे आगे है। पार्टी प्रमोद को पूर्व मंत्री प्रेम कुमार के विकल्‍प के रूप में देख रही है।

सम्राट को पार्टी दे सकती है ताज

भागलपुर, बांका और मुंगेर जिले की बात करें तो अंग क्षेत्र एमएलसी व पूर्व मंत्री सम्राट चौधरी के नाम मंत्री पद पर तय माना जा रहा है। हालांकि कैडर के आधार पर पार्टी नेतृत्व में उलझन है। इसके अलावा भागलपुर जिले के बिहपुर से ई. शैलेंद्र के नाम की चर्चा हैं। राजपूत में पूर्व मंत्री राणा रणधीर की पैरोकारी मजबूत है। चंपारण में अभी किसी सवर्ण को पार्टी ने मौका नहीं दिया है। पार्टी के वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता चंपारण से दो विधायक को मंत्री बनाने की सिफारिश कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी