राहुल गांधी पर बिहार भाजपा ने बोला जोरदार हमला, सुशील मोदी और नंद किशोर ने जड़े कई आरोप

कोरोना वैक्‍सीन के मामले पर कांग्रेस के पूर्व राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष राहुल गांधी के बयान को लेकर बिहार भाजपा उन पर हमलावर हो गई है। पूर्व उप मुख्‍यमंत्री सुशील कुमार मोदी और पूर्व पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव ने राहुल गांधी के बयान पर सवाल खड़े किए हैं।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 09:17 AM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 09:17 AM (IST)
राहुल गांधी पर बिहार भाजपा ने बोला जोरदार हमला, सुशील मोदी और नंद किशोर ने जड़े कई आरोप
कांग्रेस के पूर्व राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष राहुल गांधी। फाइल फोटो

पटना, राज्य ब्यूरो। कोरोना वैक्‍सीन के मामले पर कांग्रेस के पूर्व राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष राहुल गांधी के बयान को लेकर बिहार भाजपा उन पर हमलावर हो गई है। बिहार से भाजपा के वरिष्‍ठ नेता और पूर्व उप मुख्‍यमंत्री सुशील कुमार मोदी और राज्‍य के पूर्व पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव ने राहुल गांधी के बयान पर सवाल खड़े किए हैं। मोदी ने राहुल गांधी पर देश में भय और भगदड़ का माहौल बनाने के आरोप लगाए हैं वहीं नंद किशोर ने कहा है कि कांग्रेस के युवराज इस भुलावे में ना रहें कि कोरोना काल में झूठ और फरेब की खेती करने से उनकी सियासत में हरियाली आ जाएगी। अपनी अज्ञानता के आतंक  से देश की जनता को परेशान न करें।

कोरोना को ले राहुल देश में भय का माहौल बनाने पर तुले

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि देश के 2084 समर्पित कोविड अस्पतालों में लगभग पांच लाख बेड हैं। इनमें 89 अस्पताल केंद्र सरकार और 1995 बिहार सहित विभिन्न राज्य सरकारों द्वारा संचालित हैं। देश में टीके की कोई कमी नहीं है। न ही लंबे लॉकडाउन की स्थिति है। न ही रेल सेवाएं रोकने की कोई बात है। फिर भी सोनिया गांधी और राहुल गांधी भय का वातावरण बनाने वाले बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कांग्रेस हताश है कि उसे टीके की कमी या ट्रेन बंद होने की अफवाह फैलाकर फिर से मजदूरों-छात्रों को पैदल घर रवाना करने का मौका नहीं मिल रहा है।

स्‍वास्‍थ्‍य सेवाओं के प्रति बढ़ा है लोगों का विश्‍वास

मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने कोरोना का स्वदेशी टीका विकसित करने से लेकर नौ करोड़ से ज्यादा लोगों को टीका लगवा कर राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान को गति देने तक जो सफलता पाई है, उससे दुनिया में हमारी स्वास्थ्य सेवाओं पर विश्वास बढ़ा है। कोविड-19 के प्रबंधन के लिए आज भारत के पास बेहतर बुनियादी ढांचा और योग्य चिकित्सक उपलब्ध हैं।

झूठ पकड़कर रट्टा मारने का लगाया आरोप

इधर, नंद किशोर ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि युवराज देश दुनिया की खबर नहीं रखते, बस किसी झूठ को पकड़ कर रट्टा मारने लगते हैं। दुनिया के अन्य देशों की तुलना में भारत में अधिक तेजी से वैक्सीनेशन हो रहा है। देश में वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। दूसरे देशों के टीका से भारतीय स्वदेशी टीका कोवैक्सीन और कोविशील्ड सबसे ज्यादा कारगर साबित हो रहा है। इसका कोई साइड इफेक्ट भी नहीं है।

कोरोना के खिलाफ जंग में भारत काफी आगे

नंद किशोर ने कहा कि कोरोना के खिलाफ जंग में भारत सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जब पूरा देश कोरोना से जंग लड़ रहा था, तो राहुल प्रवासी मजदूरों के साथ फोटो खिंचवा कर अपनी राजनीति चमकाने में जुटे थे। इस बार भी वैसी ही नौटंकी करने का मन बना रहे हैं। लेकिन, इससे उनकी राजनीति नहीं चमकने वाली।

chat bot
आपका साथी