बिहार चुनाव 2020ः नीतीश कुमार बोले-10 लाख नौकरी कभी नहीं दे सकता राजद, बकवास कर रहे नेता

बेरोजगारों को 10 लाख नौकरी देने के नारे का मखौल उड़ाते हुए नीतीश कुमार ने कहा है कि जब बिहार और झारखंड एक था तब भी नौकरी नहीं दे सके। जब हम आए तो कई योजनाओं को चलाकर छह लाख से ज्यादा लोगों को नौकरी दी।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Thu, 29 Oct 2020 08:53 PM (IST) Updated:Thu, 29 Oct 2020 08:53 PM (IST)
बिहार चुनाव 2020ः नीतीश कुमार बोले-10 लाख नौकरी कभी नहीं दे सकता राजद, बकवास कर रहे नेता
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। जागरण आर्काइव। -

छपरा/प. चंपारण, जेएनएन। चुनाव प्रचार के लिए निकले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निशाने पर गुरुवार को राजद और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव रहे। बेरोजगारों को 10 लाख नौकरी देने के नारे का मखौल उड़ाते हुए कहा कि जब बिहार और झारखंड एक था तब भी नौकरी नहीं दे सके। जब हम आए तो कई योजनाओं को चलाकर छह लाख से ज्यादा लोगों को नौकरी दी। अब कह रहे हैं कि 10 लाख नौकरी दूंगा, जो कभी नहीं हो सकता। 

सारण के मांझी विधानसभा क्षेत्र के नरपलिया में चुनावी सभा में सीएम ने कहा कि पन्द्रह वर्षों में बिहार का बजट 23 हजार करोड़ से बढ़कर लगभग ढाई लाख करोड़ हो गया। कुछ लोग बकवास में विश्वास करते हैं। हम तो विकास और जनता की सेवा में भरोसा रखते हैं। पश्चिम चंपारण के बगहा व सिकटा में नीतीश कुमार ने कहा कि हमने पूरे बिहार को अपना परिवार माना है। मुखिया होने के नाते एक-एक बिहारी की जवाबदेही हमारी है। कुछ लोगों के लिए पत्नी व बेटा ही उनका परिवार है। ऐसे लोग भ्रम में न रहें, जनता उनपर विचार नहीं करेगी।

सत्ता में आए तो सबसे पहले राजस्व जिले का दर्जा

जब केंद्र में मंत्री था तो थारुओं को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने के लिए प्रयास किया, जो सफल हुआ। उनके विकास के लिए आगे भी काम करते रहेंगे। यदि फिर सत्ता में आए तो जिलास्तर पर मेगा स्किल सेंटर की स्थापना की जाएगी, जहां युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष कर रोजगार की ओर उन्मुख किया जाएगा। बगहा को जिला बनाने को फिर आश्वस्त किया। कहा, सत्ता में आए तो सबसे पहले इसे राजस्व जिले का दर्जा देंगे। एक वक्त था जब चार बजे के बाद इस इलाके में कोई घर से बाहर नहीं निकलता था। हम 2005 में सत्ता में आए तो अपराध पर नियंत्रण किया। चंपारण की माटी से मुझे विशेष प्रेम है। न्याय यात्रा, विकास यात्रा समेत अपनी सभी यात्राएं यहीं से शुरू कीं। 

chat bot
आपका साथी