Bihar Election 2020: पहले चरण में अनंत सिंह सबसे धनी प्रत्याशी, RJD के 95% उम्मीदवार करोड़पति

Bihar Assembly Election 2020 पटना के मोकामा से राजद प्रत्याशी अनंत सिंह पहले चरण के सबसे धनी प्रत्याशी हैं। इनके पास 68 करोड़ की संपत्ति है। साथ ही अनंत पर 17 करोड़ रुपये की देनदारी है। दलीय आधार पर भी राजद करोड़पति प्रत्याशी उतारने में सबसे आगे है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Tue, 20 Oct 2020 05:03 PM (IST) Updated:Wed, 21 Oct 2020 08:36 AM (IST)
Bihar Election 2020: पहले चरण में अनंत सिंह सबसे धनी प्रत्याशी, RJD के 95% उम्मीदवार करोड़पति
मोकामा विधानसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी अनंत सिंह। जागरण आर्काइव

पटना, जेएनएन। मोकामा विधानसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे अनंत सिंह पहले चरण के सबसे धनी प्रत्याशी हैं। इनके पास 68 करोड़ की संपत्ति है। हालांकि इन इन पर कर्जे भी सबसे अधिक हैं। अनंत पर 17 करोड़ की देनदारी है। दलीय आधार पर भी राजद करोड़पति प्रत्याशी उतारने में सबसे आगे है। राजद के 95 फीसद (41 में 39) प्रत्याशी करोड़पति हैं। करोड़पति प्रत्याशी मैदान में उतारने में जदयू दूसरे नंबर पर है। जदयू के 89 फीसद (35 में 31) प्रत्याशी करोड़पति हैं। भाजपा के 83 फीसद (29 में 24) और लोजपा के 73 फीसद ( 41 में 30) प्रत्याशी करोड़पति की सूची में हैं। कांग्रेस के 67 फीसद (21 में 14) और बसपा के 46 फीसद (26 में 12) प्रत्याशी की संपत्ति एक करोड़ से ज्यादा है। 

232 प्रत्याशी ऐसे हैं जिनके पास दस लाख से कम संपत्ति

प्रत्याशियों द्वारा नामांकन के दौरान दिए गए शपथ पत्र के आधार पर एडीआर और इलेक्शन वाच ने विश्लेषण कर यह आंकड़ा जारी किया है। आंकड़े के अनुसार पहले चरण में चुनाव लड़ रहे 93 प्रत्याशियों के पास पांच करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। 232 प्रत्याशी ऐसे हैं जिनके पास दस लाख से कम की संपत्ति है। कई ऐसे प्रत्याशी भी मैदान में हैं, जिन्होंने शपथ पत्र में शून्य संपत्ति दिखाई है। मोकामा में जहां एक ओर सबसे धनी प्रत्याशी मैदान में हैं, तो दूसरी ओर जागरूक जनता पार्टी प्रत्याशी अशोक कुमार के पास शून्य संपत्ति है। 

धनवान में दूसरे नंबर पर कांग्रेस के गजानंद शाही

धनवान प्रत्याशियों में दूसरे नंबर पर शेखपुरा से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के गजानंद शाही हैं। इनके पास 61 करोड़ की संपत्ति है। तीसरे नंबर पर गया के अतरी से चुनाव लड़ रही मनोरमा देवी हैं। इनके पास 50 करोड़ की संपत्ति है। पांच ऐसे प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में हैं जिनके पास 95 लाख से भी ज्यादा की संपत्ति है, पर आयकर विवरण रिटर्न दाखिल नहीं करते हैं। इन पांच में नवादा से ताल ठोक रहे बबन यादव के पास तो छह करोड़ 55 लाख से अधिक की संपत्ति है। आयकर दाखिल नहीं करने वाले करोड़पति प्रत्याशी हैं - मोकामा से विनय कुमार, कैमूर से सुमन देवी और भोजपुर से गौतम ओझा। 116 प्रत्याशियों ने अपना पैन विवरण उपलब्ध नहीं कराया है। 

chat bot
आपका साथी