Bihar Assembly By-Election: उपचुनाव को लेकर क्लाइमेक्स पर प्रचार, मैदान में उतरे सभी दलों के स्टार
Bihar Assembly By-Election बिहार विधानसभा उपचुनाव को लेकर चुनाव प्रचार क्लाइमेक्स पर पहुंचता दिख रहा है। सभी दलों के स्टार प्रचारक मैदान मेंं दिख रहे हैं। लालू प्रसाद यादव भी बिहार आ रहे हैं। उन्होंने भी चुनाव प्रचार करने का संकेत दिया है।
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार विधानसभा उपचुनाव (Bihar Assembly By-Election) में प्रचार का आखिरी दौर आ चुका है। 27 अक्टूबर तक प्रचार करना है, इसलिए सभी दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। रविवार से हेलीकाप्टर भी उड़ान भरने लगे हैं। राजद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) का हेलीकाप्टर पहुंच चुका है। केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी नेता पशुपति कुमार पारस (Pashupati Kumar Paras), बिहार सरकार के मंत्री मुकेश सहनी (Mukesh Sahani) और पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी (Jitan Ram Manjhi) भी हवाई रास्ते से आने-जाने लगे हैं। जनता दल यूनाइटेट (JDU) और कांग्रेस (Congress) नेताओं के हवाई दौरे भी मंगलवार से होने लगेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) की भी सभाएं सोमवार से शुरू होंगी। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मंत्रियों के साथ सुशील मोदी (Sushil Kumar Modi) मैदान में उतर चुके हैं। आज शाम तक लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) ने भी चुनाव प्रचार करने की बात कही है। अब तीन दिन घमासान होगा।
हेलीकाप्टर से प्रचार का वोटरों पर भी होता असर
चुनाव में हेलीकाप्टर से प्रचार का वोटरों पर भी असर होता है। ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी इसकी लोकप्रियता है। हजार-पांच सौ भीड़ तो हेलीकाप्टर देखने के लिए भी जुट जाती है। नेता भी इसका फायदा उठाना चाहते हैं। चुनाव आयोग की बंदिशों के चलते प्रारंभ में तो सड़क मार्ग से प्रचार किया जाता है, लेकिन आखिरी दौर आते आते हेलीकाप्टर की एंट्री हो जाती है।
आज शेखपुरा व झारखंड भी गए तेजस्वी यादव
चुनाव प्रचार के बीच तेजस्वी यादव ने शेखपुरा में श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर आयोजित समारोह में हिस्सा लिया। उसके बाद हेलीकाप्टर से झारखंड के छतरपुर में आयोजित राजद की बैठक में शामिल होने के लिए निकल लिए। शाम तक लालू प्रसाद यादव के पटना आने के पहले तेजस्वी वापस लौट आएंगे।
राजद ने दो टोलियां बनाकर सौंपी जिम्मेवारी
राजद ने दो टोलियां बनाकर अपने नेताओं की अलग-अलग जिम्मेवारी सौंप रखी है। कुशेश्वरस्थान में भोला यादव, अब्दुल बारी सिद्दीकी, ललित यादव, वृषिण पटेल, अशफाक करीम और समता देवी जैसे कई नेता वोटरों को बिखरने से रोक रहे हैं। तारापुर में यह जिम्मेवारी रणविजय साहू एवं संजय गुप्ता समेत वैश्य समुदाय के तमाम विधायकों को सौंपी गई है। उदय नारायण चौधरी और जयप्रकाश नारायण यादव को भी लगाया गया है। सभी दिन-रात एक करके वोटरों की गोलबंदी में जुटे हैं।
राजद की तर्ज पर कांग्रेस ने भी बनाई रणनीति
राजद की तर्ज कांग्रेस ने भी कुशेश्वरस्थान में अखिलेश प्रसाद सिंह और कौकब कादरी को जिम्मा दे रखा है। बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्तचरण दास दोनों जगह आ-जा रहे हैं। कन्हैया कुमार और हार्दिक पटेल दो दिनों तक तारापुर में हैं। मंगलवार से कुशेश्वरस्थान में आना है। इसी दिन कांग्रेस का हेलीकाप्टर आ जाएगा। मीरा कुमार एवं इमरान प्रतापगढ़ी भी मैदान में मंगलवार से कूद जाएंगे।
जेडीयू की मदद के लिए बीजेपी भी मैदान में
जदयू की मदद के लिए भाजपा नेता एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी भी प्रचार वार में उतर चुके हैं। रविवार को भाजपा के कई नेताओं एवं बिहार सरकार के मंत्रियों के साथ उनका रोड शो है। चुनावी सभाओं को भी संबोधित करना है। तारापुर के असरगंज और खडग़पुर में पैदल यात्रा भी करनी है। केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस भी हेलीकाप्टर से दौरे कर रहे हैैं। रविवार को उनके साथ राज्यसभा सदस्य रामनाथ ठाकुर और बिहार सरकार के मंत्री मुकेश सहनी भी हैैं।