झारखंड के रामगढ़ में बस व कार में सीधी टक्‍कर, भीषण हादसे में जिंदा जल गए पटना के पांच लोग

झारखंड के रामगढ़ में कार व बस की टक्‍कर में पटना के एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी के निकट हुई। बस में करीब 20 यात्री सवार थे जो सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

By Amit AlokEdited By: Publish:Wed, 15 Sep 2021 10:52 AM (IST) Updated:Wed, 15 Sep 2021 02:19 PM (IST)
झारखंड के रामगढ़ में बस व कार में सीधी टक्‍कर, भीषण हादसे में जिंदा जल गए पटना के पांच लोग
झारखंड के रामगढ़ में सड़क दुर्घटना। तस्‍वीर: जागरण।

पटना, आनलाइन डेस्‍क। बिहार के पटना की एक कार झारखंड (Jharkhand) के रामगढ़ (Ramgarh) में बस टकरा गई। बुधवार सुबह करीब आठ बजे रजरप्पा (Rajappa) थाना क्षेत्र के लारी के निकट हुई इस दुर्घटना (Road Accident) में कार सवार पांच लोगों की दर्दनाक मौत (Five dies in Road Accident) हो गई। दुर्घटना के बाद लगी आग में कार सवार जिंदा जल (Burnt Alive) गए। बताया जाता है कि मृतक एक ही परिवार के हैं। वे रजरप्‍पा मंदिर में पूजा कर पटना लौट रहे थे। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

पटना के एक परिवार के पांच लोगों की मौत

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह धनबाद से रांची जा रही एक बस (Bus From Dhanbad to Ranchi) रजरप्‍पा से पटना जा रही वैगन-आर कार (Car from Bokaro) से टकरा गई। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्‍त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद कार का दरवाजा नहीं खुल सका। इसी बीच उसमें आग लग गई। बस करीब 20 यात्री थे, जो सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद लगी आग, जिंदा जल गए लोग

बताया जाता है कि कार सड़क पर एक मोड़ पर संतुलन खोकर सीधे बस से जा टकराई। दोनों गाडि़यां पूरी रफ्तार में थीं। इसके तुरंत बाद लगी आग ने बचाव का कोई मौका नहीं दिया। क्षतिग्रस्‍त कार का दरवाजा लाक हो जाने के कारण उसमें सवार पांच लोग जिंदा जल गए। सभी मृतक पटना के बेउर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरा गांव के रहने वाले थे। मृतकों में से चार की शिनाख्त किशोर कुमार, गोलू कुमार, मुन्ना व आलोक के रूप में की गई है। जबकि, बुरी तरह जल गए एक व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो पाई है। कार आलोक रौशन के नाम से (रजिस्‍ट्रेशन नंबर: बीआर01बीडी6318) है।

रामगढ़-बोकारो हाईवे पर घंटों ट्रैफिक जाम

दुर्घटना के तत्‍काल बाद फायर ब्रिगेड व पुलिस की टीम पहुंची। इसके बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने शवों को कब्‍जे में लिया। इस बीच दुर्घटना के कारण यातायात बाधित हो जाने के कारण सड़क के दोनों ओर ट्रैफिक जाम हो गया। दुर्घटना के बाद रामगढ़-बोकारो हाईवे को घंटों बंद कर दिया गया। रजरप्पा के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विपिन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मृतकों के स्वजनों को दे दी गई है। वे पटना से रामगढ़ के लिए रवाना हो चुके हैं।

chat bot
आपका साथी