नालंदा में बड़ी वारदात, जमीन हड़पने के लिए मां-बेटी की हत्‍या, घर का ताला बंद कर चले गए हत्‍यारे

नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के पेंदापुर गांव में 28 वर्षीय महिला एवं उसकी 12 वर्षीय पुत्री की हत्‍या कर दी गई। पुलिस ने बाहर से बंद ताले को तोड़कर दोनों का शव बरामद किया। आशंका है कि जमीन के लिए हत्‍या की गई है।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Wed, 18 Aug 2021 09:42 PM (IST) Updated:Wed, 18 Aug 2021 09:42 PM (IST)
नालंदा में बड़ी वारदात, जमीन हड़पने के लिए मां-बेटी की हत्‍या, घर का ताला बंद कर चले गए हत्‍यारे
हत्‍या की घटना के बाद विलाप करतीं घर की महिलाएं। जागरण

बिहारशरीफ, जागरण संवाददाता। दीपनगर थाना क्षेत्र के पेंदापुर गांव में पुलिस ने एक बंंद पड़े घर से मां-बेटी का शव बरामद किया है। मृतका गांव के स्‍व. संतोष सिंह की 28 वर्षीया पत्‍नी सीमा कुमारी व 12 वर्षीय पुत्री स्वाति कुमारी हैं। संतोष सिंह की मौत बीते साल कैंसर से हो गई थी। पति की मौत के बाद सीमा अपनी सास के साथ ही रह रही थी। जानकारी के अनुसार सीमा जीविका कार्यालय में फ़ाइल मेंटेनेंस का काम करती थी। आशंका है कि जमीन हड़पने की नीयत से दोनों की हत्या की गई है।

दो-तीन पहले हत्‍या की आशंका 

स्थानीय लोगों के अनुसार चार दिन पहले मृतका की सास अपने रिश्तेदार के घर चली गई थी। घर में सिर्फ मां-बेटी थी। इसी बीच दोनों की हत्या कर दी गई। दीपनगर थानाध्यक्ष मो.मुश्ताक ने बताया कि दोनों शवों में कीड़े लग चुके हैं। आशंका है कि बदमाशों ने दो-तीन दिन पहले ही दोनों की गला दबाकर हत्या कर दी और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए। सास जब बुधवार को आई तो बाहर से ताला लगा देखा। फिर भी उसने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया। जवाब नहीं मिलने पर आसपास के लोगों को बुलाया।

ताला तोड़ा गया तो अंदर दिखा मां-बेटी का शव  

इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने घर के ताला तोड़ा तो अंदर का नजारा देखकर सभी सन्‍न रह गए। मां-बेटी के शव फर्श पर पड़े मिले।  स्थानीय लोग जमीन हड़पने की नीयत से मां - बेटी की हत्या को अंजाम देने की बात कह रहे हैं। मृतका की और कोई संतान नहीं है। मृतका की बहन की ससुराल भी पड़ोस में ही है। शक की सूई मृतका के एक रिश्‍तेदार पर है। थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या की वजह का पता लगाया जा रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। घटना से सनसनी फैल गई है। 

chat bot
आपका साथी