भोजपुरी कलाकार खेसारीलाल यादव की बढ़ी मुश्किल, कोर्ट ने जारी किया गैर जमानती वारंट

रसूलपुर थाना क्षेत्र के धानाडीह ग्राम निवासी भोजपुरी गायक और अभिनेता शत्रुघ्न कुमार उर्फ खेसारीलाल यादव के खिलाफ गैर जमानती वारंट निर्गत करने का आदेश दिया गया है। खेसारीलाल ने जमीन खरीदी थी। रकम की अदायगी उन्होंने चेक से की थी।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Wed, 08 Dec 2021 08:33 PM (IST) Updated:Thu, 09 Dec 2021 09:36 AM (IST)
भोजपुरी कलाकार खेसारीलाल यादव की बढ़ी मुश्किल, कोर्ट ने जारी किया गैर जमानती वारंट
भोजपुरी कलाकार खेसारी लाल यादव। जागरण आर्काइव।

जागरण संवाददाता, छपरा: भोजपुरी कलाकार खेसारी लाल यादव की मुश्किल बढ़ गई है। न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सह विशेष न्यायिक दंडाधिकारी संजय कुमार सरोज की कोर्ट ने रसूलपुर थाना में दो वर्ष पूर्व दर्ज एनआइ एक्ट मामले में उन्हें गैर जमानती वारंट जारी किया है। रसूलपुर थाना क्षेत्र के धानाडीह ग्राम निवासी भोजपुरी गायक और अभिनेता शत्रुघ्न कुमार उर्फ खेसारीलाल यादव के खिलाफ गैर जमानती वारंट निर्गत करने का आदेश दिया गया है। खेसारीलाल यादव ने जमीन खरीदी थी। इस रकम की अदायगी उन्होंने चेक से की थी। बैंक में जमा करने पर उनका चेक बाउंस कर गया। भूमि विक्रेता मृत्युंजय नाथ पांडे ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

पत्नी से 22 लाख सात हजार रुपये में बात हुई

मृत्युंजय नाथ पांडे के अनुसार शत्रुघ्न कुमार उर्फ खेसारी लाल यादव की पत्नी चंदा देवी से 22 लाख सात हजार रुपये में बात हुई थी। उसकी रजिस्ट्री चार जून 2019 को एकमा रजिस्ट्री कार्यालय में हुई थी। नकद रुपये के एवज में खेसारीलाल यादव 18 लाख रुपये का चेक दिए थे।

चेक बाउंस होने की जानकारी दी गई

उन्होंने 20 जून 2019 को अपने खाते में जमा कर दिया। वह चेक 24 जून को वापस आ गया। पुन: उन्होंने 27 जून को जमा किया तो बैंक द्वारा 28 जून 2019 को चेक बाउंस होने की जानकारी दी गई। इसको लेकर उन्होंने यह प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस की ओर से 22 अगस्त 2020 को आरोप पत्र दाखिल किया गया था।

कोर्ट में उपस्थित नहीं होने के कारण गैर जमानती वारंट जारी

न्यायालय द्वारा 22 जनवरी 2021 को आरोपी शत्रुघ्न कुमार उर्फ खेसारी लाल यादव के खिलाफ सम्मन जारी करने का आदेश दिया। पुन: 25 फरवरी 2021 को बीडब्ल्यू निर्गत करने का आदेश दिया गया। वे न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए। इसको देखते हुए कोर्ट ने पुन: गैर जमानती वारंट जारी करने का आदेश दिया है। 

chat bot
आपका साथी