बिहार विधानसभा उपचुनाव का सीन क्लियर, कुशेश्वरस्थान में एक व तारापुर में तीन प्रत्‍याशी मैदान से हटे

कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र से एक निर्दलीय प्रत्याशी विजय कुमार राम ने नाम वापस लेकर चुनाव मैदान से हट गए हैं। अब यहां से सिर्फ आठ प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। उधर तारापुर विधानसभा क्षेत्र से तीन प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 07:42 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 09:03 AM (IST)
बिहार विधानसभा उपचुनाव का सीन क्लियर, कुशेश्वरस्थान में एक व तारापुर में तीन प्रत्‍याशी मैदान से हटे
कुशेश्वरस्थान और तारापुर में चुनाव से पहले तीन प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया है। सांकेतिक तस्वीर।

राज्य ब्यूरो, पटना : बिहार विधानसभा की दो सीटों के लिए हो रहे उप चुनाव में प्रत्याशियों के नाम वापस लेने की तिथि शनिवार को समाप्त हो गई। कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र से एक निर्दलीय प्रत्याशी विजय कुमार राम ने नाम वापस लेकर चुनाव मैदान से हट गए हैं। अब यहां से सिर्फ आठ प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। उधर, तारापुर विधानसभा क्षेत्र से तीन प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया है। इसमें बिहार जस्टिस पार्टी के मो जसीम, निर्दलीय संजय कुमार और धर्मेंद्र कुमार चुनाव मैदान से बाहर हो गए हैं।

दोनों सीटों पर ये प्रत्याशी आजमा रहे भाग्य

अब कुशेश्वरस्थान से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अमन भूषण हजारी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के गणेश भारती, कांग्रेस के अतिरेक कुमार, लोजपा (रा) अंजू देवी, जाप (लो) के योगी चौपाल, समता पार्टी के सच्चिदानंद पासवान, निर्दलीय जीवछ कुमार हजारी और राम बहादुर आजाद शामिल है। इसी प्रकार से तारापुर विधानसभा क्षेत्र से राजद के अरुण कुमार, लोजपा (रा) के कुमार चंदन, जदयू के राजीव कुमार सिंह, कांग्रेस के राजेश कुमार मिश्र, राष्ट्रीय समता पार्टी के उपेंद्र सहनी, द प्लुरल्स पार्टी के वशिष्ठ नारायण के अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों में अंशु कुमार, दीपक कुमार और शिव गांधी चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं।

दोनों सीटों के लिए 30 अक्टूबर को डाले जाएंगे वोट

गौरतलब है कि शशि भूषण हजारी और मेवा लाल चौधरी के निधन की वजह से खाली हुई कुशेश्वरस्थान और तारापुर सीट पर चुनाव हो रहे हैं। दोनों ही जदयू के विधायक थे। 30 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। दो नवंबर को मतगणना होगी। मैदान में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजद), राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस समते अन्य दलों के कैंडीडेट हाथ आजमा रहे हैं। महागठबंधन के घटक दल राजद और कांग्रेस अलग होकर एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं एनडीए की तरफ से जदयू के दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 

chat bot
आपका साथी