यात्रियों से भरा टेंपो गड्ढे में पलटा, सात यात्री जख्मी

पटना-गया सड़क मार्ग (एनएच-83) स्थित पुनपुन थाना के डुमरी के समीप शनिवार को अनियंत्रित होकर पलट गया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Jan 2021 01:27 AM (IST) Updated:Sun, 17 Jan 2021 01:27 AM (IST)
यात्रियों से भरा टेंपो गड्ढे में पलटा, सात यात्री जख्मी
यात्रियों से भरा टेंपो गड्ढे में पलटा, सात यात्री जख्मी

मसौढ़ी : पटना-गया सड़क मार्ग (एनएच-83) स्थित पुनपुन थाना के डुमरी के समीप शनिवार को अनियंत्रित होकर टेंपो सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरा। इस दुर्घटना में टेंपो पर सवार सात यात्री जख्मी हो गए। बाद में आसपास के ग्रामीणों की मदद से सभी जख्मी को पास स्थित डुमरी में उपचार कराने के बाद छुट्टी दे दी गई। गड्ढे में पानी भरा होने के कारण टेंपो पर सवार यात्रियों को हल्की चोट आई। घटना के बाद टेंपो चालक अपने सहयोगियों की मदद से टेंपो को पानी से निकाल कर भागने का प्रयास कर रहा था तभी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने टेंपो को जब्त कर लिया। चालक मौका मिलाने पर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, टेंपों पुनपुन से यात्रियों को लेकर पोठही जा रहा था। इसी दौरान डुमरी के समीप टेंपो अनियंत्रित हो सडक किनारे स्थित पानी भरे गड्ढे में पलट गया। थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि टेंपो जब्त कर लिया गया है।

संसू, बिक्रम : थाना क्षेत्र के दादोपुर गांव के समीप एन एच 98 पर एक बाइक सवार युवक अनियंत्रित वाहन की चपेट में आकर जख्मी हो गया। घटना शनिवार रात की है। ग्रामीणों एवं पुलिस की सहायता से जख्मी युवक को बिक्रम पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक डॉ. सुमन कुमार ने प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति में पटना रेफर कर दिया। जख्मी युवक की पहचान रानीतालाब थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव निवासी मनोगी मोची के रूप में हुई।

-दीदारगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर में मारपीट

जागरण संवाददाता, पटना सिटी : दीदारगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर में मामूली विवाद को लेकर पिता-पुत्र को रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल के बयान पर मामला दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।

दीदारगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर निवासी रोहित प्रकाश सिंह ने बताया कि दोपहर दो बजे दिन में घर की नाली साफ करा रहा था। मेरे ही बगल के राम विनोद सिंह के पुत्र अरविद कुमार सिंह व रूपेश कुमार सिंह आकर गालीगलौच करने लगे। वे बोले कि नाली का कचरा क्यों साफ करके रखा है। इसी बात पर पिता अनंत सिंह बोले कि थोड़ी देर में साफ कर दूंगा। इसी दौरान रूपेश घर से लोहे की रॉड लाया तो अरविद ने कहा कि इसे जान से मार दो। यह कह रूपेश ने रोहित के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घायल होकर रोहित जमीन पर गिर गया। बचाने गए पिता पर भी रूपेश ने रॉड से हमला कर दिया। घायल के बयान के बाद शुक्रवार को मामला दर्ज कराया।

chat bot
आपका साथी