भोजपुर के मंदिर में पाप करने का प्रयास, लेकिन भगवान ने अपने परिसर को नहीं होने दिया अपवित्र

भोजपुर के आरा नगर थाना क्षेत्र के एक मंदिर परिसर में अधेड़ ने गंदा काम करने का प्रयास किया। लेकिन इसी दौरान बगल की छत पर कपड़े सुखा रही एक महिला की नजर पड़ गई। इसके बाद आरोपित की जमकर पिटाई कर दी गई।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 01:41 PM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 01:41 PM (IST)
भोजपुर के मंदिर में पाप करने का प्रयास, लेकिन भगवान ने अपने परिसर को नहीं होने दिया अपवित्र
पुलिस हिरासत में दुष्‍कर्म के प्रयास का आरोपित। जागरण

आरा, जागरण संवाददाता। शहर के टाउन थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक मामला प्रकाश में आया है। यहां मंदिर परिसर में एक चार वर्षीय बच्ची के साथ एक अधेड़ ने दुष्कर्म का  प्रयास किया। इसी क्रम में किसी ने उसे देख लिया और शोर मचाया। इसके बाद जुटे आसपास के लोगों ने आरोपित की जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

बच्‍ची को उठा ले गया था मंदिर परिसर में 

जानकारी के अनुसार आरोपित उसी मोहल्ले का निवासी जमदार बिंद है। बच्ची के पिता ने बताया कि उनकी बच्‍ची बराबर घर से बाहर खेलने जाती थी। आज वह घर के बाहर खेल रही थी। उसी दौरान जमदार बिंद वहां आ धमका। सन्‍नाटा देखकर वह बच्‍ची को उठाकर मंदिर परिसर में ले गया। वहां उसके साथ गंदी हरकत शुरू कर दी।  इसी दौरान मंदिर के बगल के घर की छत पर कपड़ा डाल रही एक महिला ने उसे देख लिया। वह अधेड़ की हरकत देखकर सन्‍न रह गई। उसने शोर मचाया। इसके बाद आसपास के लोग जुटे।

पिटाई के बाद किया पुलिस के हवाले  

घटना से सनसनी फैल गई। लोगों ने आरोपित की जमकर पिटाई कर दी। इसकी सूचना नगर थाने की पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थानाध्यक्ष शंभू कुमार भगत ने त्वरित कार्रवाई करते हुये आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ बच्‍ची के पिता ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसके बाद बच्‍ची को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्‍पताल ले जाया गया। घायल आरोपित का भी पुलिस ने उपचार कराया। 

घटना के बाद गांव के लोग गुस्‍से में हैं। उनका कहना है कि यदि कुछ देर हो जाती तो अधेड़ पाप की घटना को अंजाम दे चुका होता। लेकिन भगवान की कृपा रही कि बच्‍ची सकुशल बच गई। लोगों का कहना है कि ऐसे लोगों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। 

chat bot
आपका साथी