नालंदाः हत्या के आरोपित को गिरफ्तार करने गई पुलिस को चोर-चोर बोल हमला, जान बचाकर भागे जवान

हत्या मामले में नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार करने गई हरनौत एवं चंडी थाने की पुलिस टीम पर शुक्रवार रात हमला हो गया। चोर-चोर का शोर मचा ईंट-पत्थर ले पुलिस टीम से भिड़ गए। गांव वालों का तेवर देख पुलिस टीम जान बचाकर वहां से भाग निकली।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 01:21 PM (IST) Updated:Sat, 15 May 2021 01:21 PM (IST)
नालंदाः हत्या के आरोपित को गिरफ्तार करने गई पुलिस को चोर-चोर बोल हमला, जान बचाकर भागे जवान
नालंदा में पुलिस को चोर-चोर कहकर हमला कर दिया गया। प्रतीकात्मक तस्वीर।

संवाद सहयोगी, हरनौत (नालंदा)। हरनौत के मूढारी निवासी 40 वर्षीय हीरा पासवान की हत्या मामले में नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार करने गई हरनौत एवं चंडी थाने की पुलिस टीम पर शुक्रवार रात हमला हो गया। हरनौत थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि हीरा हत्याकांड का आरोपी मल्लू राम चंडी थाने के बेलछी मिल्की गांव में अपनी ससुराल में छुपा हुआ है। इसी सूचना पर सब-इंस्पेक्टर रविन्द्र कुमार की टीम चंडी थाने की पुलिस टीम के सहयोग से रात करीब साढ़े 11 बजे छापेमारी करने पहुंची थी। लेकिन मल्लू राम को गिरफ्तारी से बचाने के लिए महिलाएं एवं टोले के अन्य लोगों ने चोर-चोर का शोर मचा ईंट-पत्थर ले पुलिस टीम से भिड़ गए। शुक्रवार की रात टोले की एक लड़की की शादी थी, जिसकी बरात गांव से हटकर विद्यालय में ठहरी थी। इस कारण लोग जाग रहे थे।     

गांव वालों का तेवर देख पुलिस टीम जान बचाकर वहां से भाग निकली। हरनौत थानाध्यक्ष चन्द्रशेखर सिंह ने बताया कि छापेमारी में गयी पुलिस टीम के सभी कर्मी सुरक्षित लौटे हैं। उधर, चंडी थानाध्यक्ष रितुराज ने बताया कि मिल्की पर के हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हत्यारोपी मल्लू राम हरनौत के मूढारी का मूल निवासी है। वह चंडी के बेलछी मिल्की पर निवासी जामुन राम का दामाद है। जामुन राम की मौत हो चुकी है।

ससुराल में ही घर बनाकर रह रहा मल्लू

मल्लू ससुराल में ही वर्षों पहले से घर बना रहता आ रहा था। बीच में ग्रामीणों ने उसके आपराधिक चरित्र को लेकर विरोध किया था। इस कारण उसने कुछ महीनों से मिल्की पर रहना छोड़ दिया था। लेकिन बीते 3 मई को मूढारी में हुई हीरा पासवान की गोली मार कर हत्या करने के मामले में नाम आने के बाद वह मिल्की पर में ही रह रहा था। 

मूढारी में आत्मरक्षा में पुलिस ने चलाई थी गोली

याद दिला दें, हीरा की हत्या के बाद भी जब पुलिस टीम मूढारी पहुंची थी, तब छापेमारी के विरोध में मल्लू राम के समर्थकों ने पुलिस पर जमकर पत्थरबाजी की थी। थानाध्यक्ष को आत्मरक्षार्थ दो चक्र फायरिंग करनी पड़ी थी।

chat bot
आपका साथी