अरुण कुमार सिंह बने बिहार के नए मुख्य सचिव, दीपक कुमार को सीएम ने बनाया अपना प्रधान सचिव

आज सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी की। अरुण कुमार सिंह बिहार के अगले मुख्‍य सचिव बने। सेवानिवृत हो रहे सीएस दीपक कुमार को मुख्‍यमंत्री ने अपना प्रधान सचिव बनाया है। आमिर सुबहानी को विकास आयुक्त की जिम्‍मेदारी दी गई। कई और आइएएस का ट्रांसफर हुआ

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 05:37 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 06:22 PM (IST)
अरुण कुमार सिंह बने बिहार के नए मुख्य सचिव, दीपक कुमार को सीएम ने बनाया अपना प्रधान सचिव
अरुण कुमार सिंह होंगे नए सीएस, सांकेतिक तस्‍वीर ।

पटना, जेएनएन। बिहार को नया मुख्‍य सचिव (Chief Secretary)  मिल गया। बिहार के मुख्‍य सचिव की रेस में चल रहे कई नामों के बीच अरुण कुमार सिंह (Arun Kumar Singh) ने बाजी मारी है। वे विकास आयुक्‍त (Development Commissioner) के पद पर थे। उन्‍हें बिहार का अगला मुख्‍य सचिव बनाया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।

सेवानिवृत हो रहे मुख्‍य सचिव दीपक कुमार की भी पारी जारी रहेगी। मंत्रिमंडल सचिवालय के आदेश के मुताबिक दीपक कुमार को सेवा निवृत्ति के बाद मुख्यमंत्री का प्रधान सचिव (Principal Secretary) बनाया गया है। उनके लिए अलग से अधिसूचना जारी होगी। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी को  विकास आयुक्त बनाया गया है। सुबहानी के पास अगले आदेश तक बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान विभाग के महानिदेशक का पद भी रहेगा। इसके अलावा निगरानी विभाग के अतिरिक्‍त प्रभार भी उनके पास है।

तीसरी बार नहीं मिला एक्‍सटेंशन

1984 बैच के भारतीय सेवा के अधिकारी दीपक कुमार को मुख्य सचिव पद के लिए दो बार अवधि विस्तार मिल चुका है। तीसरी बार अवधि विस्तार के लिए राज्य ने केंद्र से आग्रह किया था, पर इसकी अनुमति नहीं मिली। जिसके बाद सरकार ने प्रदेश की मुख्यमंत्री रहीं राबड़ी देवी के कार्यकाल में 2 फरवरी 2002 को निकाले आदेश के तहत दीपक कुमार को नई जिम्मेदारी दी है। उक्त आदेश के मुताबिक राज्य सरकार भारतीय सेवा से सेवानिवृत्त  होने वाले अधिकारियों को भी मुख्यमंत्री का प्रधान सचिव नियुक्त कर सकती है।

कौन हैं अरुण कुमार सिंह

अरुण कुमार सिंह 1985 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। वरीयता के लिहाज से वह शीर्ष पर थे। पश्चिम चंपारण के रहने वाले अरुण 31 अगस्त को इसी वर्ष रिटायर हो जाएंगे। वर्तमान में वह विकास आयुक्त के अतिरिक्त बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान के महानिदेशक के अतिरिक्त प्रभार में भी हैं।  उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। विकास आयुक्त पद पर पदस्थापना के पहले अरुण कुमार सिंह जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव थे। जल संसाधन विभाग में वह लंबी अवधि तक काम कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव के रूप में भी उन्होंने काम किया है। सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव का भी कामकाज देख चुके हैं।

आमिर सुबहानी 1987 बैच के आइएएस

वहीं बिहार के विकास आयुक्त बनाए गए आमिर सुबहानी बिहार सिवान जिले के रहने वाले हैं। सांख्यिकी से पोस्ट ग्रेजुएट किए आमिर सुबहानी 1987 बैच के अधिकारी हैं। वह 2024 में तीस अप्रैल को अवकाश ग्रहण करेंगे।

कई आइएएस का ट्रांसफर

 जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद का तबादला गृह विभाग के प्रधान सचिव के पद पर हुआ है। उनके पास निबंधन उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की भी जिम्मेवारी रहेगी । रवि मनु भाई परमार को लघु जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है। परमार के पास कला संस्कृति एवं युवा विभाग की भी जिम्मेदारी रहेगी ।

 संतोष कुमार मल्ल को सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव के पद पर स्थानांतरित किया गया है। मल्‍ल  को पर्यटन विभाग के भी सचिव के पद की जिम्मेवारी दी गई है। प्रेम सिंह मीणा वित्त विभाग के सचिव बनाया गया।

दिवेश सेहरा को एससी-एसटी कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया। ऊर्जा विभाग के सचिव संजीव हंस को जल संसाधन विभाग के सचिव के पद का अतिरिक्त प्रभार दिया गया।  निदेशक अर्थ एवं सांख्यिकी बैद्यनाथ यादव को योजना एवं विकास विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

संजय कुमार अपर मुख्य सचिव के रूप में प्रोन्नत किए गए

शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार को अपर मुख्य सचिव के रूप में प्रोन्नति दी गयी है। प्रभार ग्रहण की तिथि से यह प्रोन्नति प्रभावी होगी।

chat bot
आपका साथी