ससुराल में सास और साली ने किया बुरा हाल, आरा के युवक को इसी साल हुआ था प्यार
बिहार के आरा में युवक का ससुराल में सास और साली ने बुरा हाल कर दिया। अपनी पत्नी को लाने पहुंचा युवक अब अस्पताल पहुंच गया है। उसे इसी साल प्यार हुआ था और कुछ ही महीने पहले उसने शादी की थी।
आरा, जागरण संवाददाता। Bhojpur Crime: पहली मुलाकात का प्यार जितनी तेजी से परवान चढ़ा, उतनी ही तेजी से छू-मंतर भी हो गया। भोजपुर (आरा) जिले के युवक और युवती का यह प्यार बिल्कुल इंद्रधनुष की तरह साबित हुआ। जिस तरह बारिश के मौसम में थोड़ी देर के लिए रंग-बिरंगा इंद्रधनुष बन जाता है, ठीक उसी तरह तरारी के रहने वाले लल्लू कुमार का प्यार परवान चढ़ा और खत्म भी हो गया। साल के शुरुआत में नजरें चार हुई, चौथे महीने में शादी हुई, चार महीने से भी कम समय में शादी के मुकाम तक पहुंचा, लेकिन वैवाहिक बंधन में बंधने के छह माह से भी कम समय में नौबत मारपीट और अस्पताल में भर्ती होने तक पहुंच गई।
तरारी पीएचसी में इलाज के बाद पहुंचा सदर अस्पताल
भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के बंधवा गांव में पत्नी को लाने ससुराल गए एक दामाद की जमकर पिटाई कर दी गई। इससे वह जख्मी हो गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए तरारी पीएससी से सदर अस्पताल लाया गया। जानकारी के अनुसार जख्मी युवक 19 वर्षीय लल्लू कुमार तरारी थाना क्षेत्र के सेदंहा गांव निवासी अशोक पासवान का पुत्र है। इधर, लल्लू कुमार ने बताया कि इसी वर्ष में ताड़ी टोला गांव अपने फूफा के घर बर्थडे पार्टी में गया था। जहां उसकी पत्नी से पहली मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों फोन पर एक दूसरे से बात करने लगे थे। देखते ही देखते दोनों में प्यार हो गया। इसके बाद दोनों ने इसी वर्ष के चौथे माह में शादी कर ली।
सास के साथ साली और साढ़ू ने मिलकर की पिटाई
इस बीच एक माह पहले उसकी पत्नी अपने मायके बंधवा गांव चली गई थी। जिसे लाने के लिए बुधवार की शाम वह अपने ससुराल गया था। लेकिन, पत्नी ने आने से इंकार कर दिया। जिसको लेकर दोनों के बीच नोकझोंक हुई। सास-साली एवं साढू भी उससे उलझ पड़े। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। सास-साली एवं साढू ने मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इससे वह जख्मी हो गया। उसका इलाज पहले तरारी व फिर सदर अस्पताल में कराया गया। जख्मी लल्लू कुमार ने धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया है।