कोरोना से बचे रहेंगे पटना जू के जानवर, हेल्‍थ चेकअप के साथ नियमित हो रहा केज का सैनिटाइजेशन

पटना जू के जानवरों को कोरोनावायरस से बचाए रखने के लिए चि‍ड़‍ियाघर प्रशासन मुस्‍तैदी से जुटा है। इसका नतीजा है कि आज तक एक भी जानवर इस वायरस की चपेट में नहीं आए हैं। इसके लिए केज का समय-समय पर सैनिटाइजेशन किया जाता है।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 11:57 AM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 11:57 AM (IST)
कोरोना से बचे रहेंगे पटना जू के जानवर, हेल्‍थ चेकअप के साथ नियमित हो रहा केज का सैनिटाइजेशन
चिड़‍ियाघर में जानवरों के केज की दीवार का हो रहा सैनिटाइजेशन। जागरण

पटना, जागरण संवाददाता। कोरोना संक्रमण (Corona Infection) से इंसान के साथ जानवरों को बचाने की कवायद भी की जा रही है। इस क्रम में चिड़ि‍याघर (Patna Zoo) में सैनिटाइजेशन का काम नियमित रूप से किया जा रहा है। हर केज को सैनिटाइज किए जाने के साथ समय-समय पर जानवरों की स्वास्थ्‍य जांच भी की जा रही है। हालांकि, अभी तक पटना जू के किसी भी जानवर में कोरोना का संक्रमण नहीं पाया गया है। लेकिन संक्रमण के खतरे को देखते हुए जानवरों का विशेष ख्याल रखा जा रहा है।

कर्मियों की हो रही आरटीपीसीआर जांच (RTPCR TEST)

जू को दर्शकों के लिए बंद रखा गया है। इस कारण आमलोग प्रवेश नहीं कर रहे। वहीं जो कर्मी भी हैं उनपर भी नजर है। जू कीपर की समय-समय पर आरटीपीसीआर जांच की जा रही है। जानवरों की देखरेख में लगे जू कीपर के रहने और खाने की व्यवस्था जू में ही की गई है। वे बाहर नहीं निकल रहे। जबकि अन्य कर्मी अपने घर आ जा रहे हैं।

थर्मल स्क्रीनिंग और स्वास्थ जांच के बाद कर्मियाें को दिया जाता है प्रवेश

जू में प्रवेश करने से पहले कर्मियों को थर्मल स्क्रीनिंग और जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। अपनी सुरक्षा का ख्याल रखते हुए जू के सभी कर्मी हैंड ग्लब्स और मास्क लगाकर काम करते हैं। जानवरों के खान-पान पर विशेष ख्याल रखा जा रहा है। जानवरों के लिए खाद्य सामग्री रखे गोदाम में तैनात कर्मियों को भी इधर-उधर जाने की अनुमित नहीं दी गई है। उनके भी खाने और रहने का व्यवस्था जू में ही कर दी गई है। 

75 फीसद कर्मचारियों को लग चुकी है वैक्‍सीन की दोनों डोज

जू के अधिकारियों की माने तो जू में काम करने वाले 75 फीसद कर्मचारियों को कोरोना वैक्‍सीन की दोनों डोज लगाई जा चुकी है। जो कर्मी टीका लेने से वंचित रह गए है उन्हें भी जल्द ही कोरोना का टीका लगाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी