प्रेम विवाह से नाराज परिवारवाले जबरन ले गए युवती को, बिलखता रह गया मासूम बच्चा, वैशाली की घटना
वैशाली के जंदाहा में अंतरजातीय विवाह से नाराज युवती के स्वजन उसे ससुराल से जबरन खींचते हुए लेते चले चले गए। इस दौरान सोने-चांदी के जेवरात एवं दो लाख रुपये नगद भी ले गए। लेकिन उसके डेढ़ वर्ष के बच्चे को रोता-बिलखता छोड़ दिया।
जंदाहा (वैशाली), संवाद सूत्र। अंतरजातीय विवाह से नाराज युवती के स्वजन उसे ससुराल से जबरन खींचते हुए लेते चले चले गए। इस दौरान सोने-चांदी के जेवरात एवं दो लाख रुपये नगद भी ले गए। लेकिन उसके डेढ़ वर्ष के बच्चे को रोता-बिलखता छोड़ दिया। इस आशय की प्राथमिकी नवविवाहिता की सास बहसी दामोदर निवासी फूलमती देवी ने दर्ज कराई है। इसमें कादिलपुर निवासी अवधेश सिंह, गोलू सिंह, शोभा देवी, सुजीत सिंह एवं नवनीत सिंह को आरोपित किया है।
चार वर्ष पूर्व हुई थी कोर्ट मैरेज
प्राथमिकी में कहा गया है कि उसके पुत्र विकास सहनी ने चार वर्ष पूर्व कादिलपुर गांव निवासी अवधेश सिंह की पुत्री लवली कुमारी से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद पुत्र एवं पुत्रवधू खुशी पूर्वक जीवन यापन करने लगे। उसे डेढ़ वर्ष पूर्व एक बच्चा भी हुआ। लेकिन इस अंतरजातीय विवाह को लेकर उनकी बहू के माता-पिता एवं अन्य रिश्तेदार काफी नाराज थे। वे बार-बार उसे घर छोड़कर चले आने का दबाव बनाते रहते थे। फूलमती ने कहा है कि घर के सभी लोग अन्य प्रदेश में रहकर मजदूरी करते हैं। यहां केवल वह अपनी बहू एवं पोते के साथ रहती है। बीते दिन वह अपने गांव स्थित चौक पर गई थी। घर पर पुत्रवधू अपने बच्चे के साथ अकेली थी। जब वह चौक से घर आई तो देखा घर में बच्चा रो रहा था तथा उनकी पुत्रवधू नहीं थी। घर से सोने चांदी के जेवरात एवं जमीन खरीदने के लिए रखे गए दो लाख रुपये नगद भी गायब थे।
बहू के साथ अनहोनी की आशंका
खोजबीन के दौरान जानकारी मिली की पुत्रवधू के माता पिता एवं अन्य स्वजन चार पहिया वाहन से घर पहुंच कर जबरन बहू को ले गए हैं। कहा गया है आरोपित पूर्व से भी उनकी पुत्रवधू को वापस अपने माता-पिता के घर आने को लेकर दबाव बना रहे थे। मौका पाकर उनकी पुत्रवधू को जबरन अपने साथ ले गए हैं। उसने आशंका व्यक्त की गई है कि उनके पुत्रवधू के माता-पिता जबरन उसकी दूसरी शादी करा सकते हैं अथवा कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं। पुलिस मामले की अनुसंधान में जुट गई है।