भोजपुर में दुर्घटना में दो की मौत के बाद भड़का गुस्सा, सीओ की गाड़ी फूंकी; पुलिस की रायफल छीनी

भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र अन्तर्गत रन्नी-खरैंचा गांव के समीप शनिवार की दोपहर अनियंत्रित ट्रैक्टर के पलटने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पवना बाजार के समीप शव के साथ आरा-सहार रोड को जाम कर दिया।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Sat, 10 Apr 2021 02:38 PM (IST) Updated:Sat, 10 Apr 2021 02:38 PM (IST)
भोजपुर में दुर्घटना में दो की मौत के बाद भड़का गुस्सा, सीओ की गाड़ी फूंकी; पुलिस की रायफल छीनी
आरा में हादसे में मौत के बाद उपद्रवियों द्वारा जलाया गया सीओ का वाहन। फोटो- दैनिक जागरण

जागरण टीम, आरा। भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र अन्तर्गत रन्नी-खरैंचा गांव के समीप शनिवार की दोपहर अनियंत्रित ट्रैक्टर के पलटने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पवना बाजार के समीप शव के साथ आरा-सहार रोड को जाम कर दिया। इस दौरान सड़क जाम हटाने को लेकर पुलिस और पब्लिक के बीच झड़प हो गई। उग्र लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।

हालत पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। लाठीचार्ज से भीड़ उग्र हो गई और सीओ की सूमो विक्टा गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। एक पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। पुलिस से झड़प के दौरान एक होमगार्ड जवान पर हमला कर सर्विस रायफल छीने जाने की भी बात सामने आ रही है। भोजपुर एसपी राजेश दुबे के आदेश पर मुख्यालय से दंगा निरोधक दस्ते को घटनास्थल पर भेजा गया है। हंगामा और उपद्रव के कारण विधि व्यवस्था की समस्या उतपन्न हो गई है। मृतक की पहचान कोरी के दूधनाथ पासवान के पुत्र नागा पासवान, विनोद माली के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। 

संदेश से बालू लेकर जाने के दौरान पलटा ट्रैक्टर

बताया जाता है कि संदेश से एक ट्रैक्टर बालू लेकर गड़हनी की ओर जा था। इस दौरान अगिआंव-बहीरो नहर लाइन रोड पर रन्नी-खरैंचा गांव के समीप बालू लदा ट्रैक्टर पलट गया। जिसमें दबकर कोरी के दूधनाथ पासवान के पुत्र नागा पासवान, विनोद माली के पुत्र विकास कुमार की मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीण दोनों शवों को लेकर पवना चले आए। पवना बाजार पर शव के साथ आरा-सहार मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और हंगामा करने लगे। सड़क जाम के दौरान ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस पीछा कर रही थी। भागने के दौरान ट्रैक्टर पलट गया। जिसमें दोनों लोगों की मौत हो गई।

जाम हटाने के दौरान पुलिस ने भांजी लाठी

इधर, पवना में सड़क जाम कर रहे लोगों का आरोप था कि गड़हनी थाना पुलिस ने आते ही जाम हटाने के लिए लाठीचार्ज कर दिया, जिसके बाद भीड़ आक्रोशित हो गई। पथराव कर शुरू कर दिया। जिसमें पुलिस की एक सूमो गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। भीड़ ने एक होमगार्ड जवान की पिटाई कर सर्विस रायफल छीन ली। अगिआंव सीओ  की गाड़ी को फूंक दिया गया। बाद में उपद्रव बढ़ने के बाद मुख्यालय से सदर डीएसपी और एसडीओ को वहां भेजा गया। दंगा निरोधक दस्ते की गाड़ी भी भेजी गई। पुलिस के अनुसार पथराव के बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। 

chat bot
आपका साथी