Buxar: बाइक से घर लौट रहे वार्ड सदस्य को अज्ञात वाहन ने कुचला, सड़क पर तड़पकर तोड़ा दम
बक्सर के कोरानसराय-बगेन मार्ग पर ब्रह्म स्थान के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक वार्ड सदस्य की मौत हो गई। गुरुवार रात हुए इस हादसे का पता काफी देर के बाद चला। इसके बाद मृतक की पहचान की गई।
बक्सर, जागरण संवाददाता। कोरानसराय-बगेन मार्ग पर ब्रह्म स्थान के समीप किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने बाइक सवार गिरधर बरांव के वार्ड सदस्य सोनू सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गुरुवार की रात नौ बजे के करीब हुए हादसे की सूचना बाद में रास्ते से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बाइक से देर रात लौट रहे थे अपने घर
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गिरधर बरांव के वार्ड संख्या नौ के वार्ड सदस्य सोनू सिंह (30) कोरानसराय-बगेन मार्ग से होते हुए बाइक पर सवार हो अपने घर गिरधर बरांव लौट रहे थे। जैसे ही ब्रह्म स्थान मोड़ पर पहुंचे कि सामने से आ रहे किसी तेज रफ्तार वाहन उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और भाग निकला। इस हादसे में सोनू सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। बाद में सड़क से गुजर रहे किसी अन्य वाहन चालक ने देखा तो पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराई। पहचान के बाद घरवालों को इसकी सूचना दी।
स्वजनों ने की शव देने की मांग, पुलिस बोली-पोस्टमार्टम होने दीजिए
इस बीच घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के स्वजनों ने जब शव ले जाने की मांग की तो पुलिस ने शव देने से इंकार करते हुए सुबह पोस्टमार्टम के बाद देने की बात कही। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना यादव ने पहल करते हुए उसी समय शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजवाने की व्यवस्था कराई, तब आधी रात को शव का पोस्टमार्टम करने के बाद स्वजनों को सुपुर्द कर दिया गया। बताया जाता है कि मृतक सोनू यादव के अभी दो छोटे छोटे बच्चे हैं जिनके परवरिश की जिम्मेदारी अब अकेली मां के कंधों पर आ गई है। घटना के बाद मृतक के स्वजनों का रोते-रोते बुरा हाल है।