बिहार की नदियों में उफान के बीच सीएम नीतीश ने ली हालात की जानकारी, तटबंधों की निगरानी करने को कहा

Bihar Flood News मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा- सभी नदियों का अपडेट लेते रहें तटबंधों की हो लगातार निगरानी मुख्यमंत्री ने दक्षिण बिहार के बाढ़ प्रभावित जिलों की स्थिति की समीक्षा की छोटी-छोटी नदियों को आपस में कैसे लिंक किया जाए इसका आकलन कराने को कहा

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 08:09 AM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 08:09 AM (IST)
बिहार की नदियों में उफान के बीच सीएम नीतीश ने ली हालात की जानकारी, तटबंधों की निगरानी करने को कहा
दक्षिण बिहार की नदियों में बढ़ रहा है जल स्‍तर। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

पटना, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को दक्षिण बिहार के बाढ़ प्रभावित जिलों की स्थिति का बैठक कर जायजा लिया। इस क्रम में उन्होंने निर्देश दिया कि सभी नदियों के जलस्तर का अपडेट लेते रहें। तटबंधों की सतत निगरानी होती रहे। अगर कहीं पर किसी प्रकार की क्षति हुई है तो वहां राहत एवं बचाव कार्य तत्काल कराएं। जहां तटबंधों का कटाव हुआ है वहां तेजी के साथ कटाव निरोधी कार्य कराए जाएं। अभियंता इस बात की भी जानकारी लें कि कटाव कैसे हुआ? आगे ऐसा नहीं हो इसे लेकर योजनाबद्ध ढंग से काम करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर बिहार के साथ-साथ दक्षिण बिहार में भी नदियों के तटबंधों की मजबूती को लेकर काम किए गए हैं। टाल क्षेत्र के लिए भी कई योजनाएं बनायी गयीं हैं। उन्होंने कहा कि जल संसाधन विभाग इसका आकलन कराए कि छोटी-छोटी नदियों को आपस में कैसे लिंक किया जा सकता है। नदियों के आपस में लिंक होने से सिंचाई कार्य में काफी सुविधा होगी। बरसात के मौसम में आए हुए पानी का सदुपयोग हो सकेगा। छोटी-छोटी नदियों को संरक्षित रखना है।

बैठक में जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस ने नालंदा, पटना, जहानाबाद, कैमूर, गया एवं औरंगाबाद जिलों में बाढ़ की स्थिति, तटबंधों की स्थिति एवं वहां के नदियों में जलस्तर की स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झारखंड के इलाकों में अधिक बारिश के कारण फल्गु एवं सोन नदी में अधिक पानी आने से तटबंधों पर दबाव बढ़ा और पानी ओवरटाप कर जाने के कारण बाढ़ की स्थिति बनी। अब नदियों का जलस्तर घट रहा है।

बैठक में शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार, आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष कार्य अधिकारी संजय कुमार अग्रवाल तथा मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार भी मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी