बिहार में इन अनोखे निकाह के चर्चे- बाढ़ के बीच नाव पर आया दूल्हा, बारातियों का पानी में डीजे डांस

बाढ़ प्रभावित बिहार में ऐसा भी निकाह हो सकता है ऐसा किसी ने नहीं सोचा था। नाव पर आए दूल्‍हा निकाह के बाद नाव पर ही दुल्‍हन को ले गया। इस बीच बारातियों ने पानी में जमकर डांस किया।

By Amit AlokEdited By: Publish:Tue, 11 Aug 2020 05:14 PM (IST) Updated:Wed, 12 Aug 2020 07:58 PM (IST)
बिहार में इन अनोखे निकाह के चर्चे- बाढ़ के बीच नाव पर आया दूल्हा, बारातियों का पानी में डीजे डांस
बिहार में इन अनोखे निकाह के चर्चे- बाढ़ के बीच नाव पर आया दूल्हा, बारातियों का पानी में डीजे डांस

पटना, जेएनएन। बिहार के मुजफ्फरपुर में एक अनोखा निकाह हुआ। दुल्‍हन के लिए बेताब दूल्‍हे ने ऐसा किया, जिसकी पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। बाढ़ की परवाह किए बिना एक युवक समस्‍तीपुर से बारात लेकर आया। बाढ़ से घिरे इलाके में दूल्‍हा नाव पर गया। फिर तो निकाह होना ही था। इस दौरान बारातियों ने पानी में ही डीजे की धुन पर जमकर डांस किया। अब गांव के लोग कह रहे हैं कि उन्‍होंने ऐसा निकाह पूरी जिंदगी में नहीं देखा था।

बाढ़ से घिर गया दुल्‍हन का गांव

मुजफ्फरपुर के सकरा प्रखंड के भटंडी गांव के मोहम्मद शहीदद की पुत्री मजदा खातून का निकाह समस्‍तीपुर के ताजपुर थाने के मुसापुर गांव निवासी मोहम्मद इकबाल के पुत्र मोहम्मद हसन रजा के साथ तय था। लेकिन निकाह के पहले मुजफ्फरपुर के मुरौल के मोहम्मदपुर कोठी में तिरहुत नहर का तटबंध टूट गया। इस कारण दुल्‍हन का गांव बाढ़ से घिर गया।

तय तारीख पर ही निकाह का फैसला

हालात को देखते हुए दोनों पक्षों ने निकाह की तारीख बदलने पर विचार किया, लेकिन बात नहीं बन सकी। ऐसे में दूल्‍हा-दुल्‍हन ने तय तारीख पर ही निकाह का अपना फैसला सुना दिया। इसपर दोनों परिवारों ने भी सहमति दे दी।

नाव पर दूल्‍हा, पानी में बारातियों का डांस

फिर क्‍या था, समस्‍तीपुर से बारात लेकर दूल्‍हा मुजफ्फरपुर के लिए चल पड़ा। बाढ़ से घिरे गांव में बारात नाव पर पहुंची। नाव पर दूल्‍हा और पानी में बारातियों के डांस के नजारा को जिसने भी देखा, वाह-वाह कर उठा। इसके बाद दूल्‍हा निकाह कर अपनी दुल्हन को साथ ले गया। खास बात यह कि आयोजन में कोरोना संक्रमण से बचाव के ऐहितयात भी किए गए।

ग्रामीण बोले: पहली बार देखा ऐसा निकाह

बहरहाल, इस अनोखे निकाह की पूरे इलाके में खूब चर्चा हो रही है। स्‍थानीय ग्रामीण कह रहे हैं कि उन्‍होंने अपनी जिंदगी में ऐसी बारात व ऐसा निकाह नहीं देखा था।

chat bot
आपका साथी