कृषि कानून किसानों के हित में, बढ़ेगी आय : रविशंकर प्रसाद

केंद्रीय कानून संचार व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि नया कृषि कानून किसानों के हित में है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 20 Feb 2021 12:48 AM (IST) Updated:Sat, 20 Feb 2021 12:48 AM (IST)
कृषि कानून किसानों के हित में, बढ़ेगी आय : रविशंकर प्रसाद
कृषि कानून किसानों के हित में, बढ़ेगी आय : रविशंकर प्रसाद

पटना सिटी : केंद्रीय कानून, संचार व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि नया कृषि कानून किसानों के हित में है। इससे किसानों की जमीन न बिकेगी न बंधक होगी। वे बिचौलियों के चंगुल से मुक्त होंगे और उनकी आय बढ़ेगी। मरची पंचायत स्थित सूर्य मंदिर के समीप निर्मित सरोवर व घाट का उन्होंने शुक्रवार को लोकार्पण किया। पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ी कीमतों पर कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से कांग्रेस को दिक्कत हो रही है तो अपने शासित राज्यों में वैट को कम करे। श्री प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस ने ही कांट्रैक्ट फार्मिंग की शुरुआत की थी। हमने उसे कानूनी रूप दिया है। कृषि कानून को लेकर किसानों को विपक्षी पार्टियां गुमराह कर रही है। इस कानून से छोटे किसानों का विकास होगा। मंडी बंद नहीं होंगी।

मंत्री ने तख्त श्रीहरिमंदिर जी पटना साहिब, शक्तिपीठ बड़ी पटनदेवी, गड़हा मंदिर एवं महावीर जल्ला मंदिर में मत्था टेक कर आशीर्वाद लिया। खाजेकलां घाट पहुंच कर वहां चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्थानीय छठव्रतियों को सूर्य उपासना के लिए कहीं दूर नहीं जाना होगा। तालाब, उसके चारों ओर बनी सीढि़यां, शौचालय, सोलर लाइट के साथ आसपास हुआ सुंदरीकरण लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 11 किलो दूध से सरोवर का शुद्धिकरण किया गया।

मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि अपने संसदीय क्षेत्र में उन्होंने 50 करोड़ रुपये से विकास कार्य किया है। हाजीपुर में केला, औरंगाबाद में स्ट्राबेरी, किशनगंज में अनानास उपजा कर किसानों ने अपने लिए नए अवसर पैदा किए हैं। वो आत्मनिर्भर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी पटना में अब जल जमाव नहीं होगा। सोनावां बांध स्थित संप हाउस पर पांच हजार एचपी का पंप पानी निकासी के लिए लगाया गया है।

कार्यक्रम में पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, विधायक नंद किशोर यादव, महानगर अध्यक्ष अभिषेक कुमार, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कुमार यादव, विश्वनाथ भगत, वरूण सिंह, टीसीआइएल कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजीव कुमार, कार्यपालक निदेशक अतुल कुमार जैन, समूह महाप्रबंधक संजीव कुमार, परियोजना निदेशक मुकेश पाठक व अन्य उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी