दुर्गा पूजा में नियम तोड़ने वाली पूजा समितियों पर कार्रवाई शुरू, उपद्रवियों पर पटना व नालंदा में प्राथमिकी

FIR against Puja Samiti प्रशासन ने डीजे बजाने पर रोक लगाई थी लेकिन कई पूजा समितियों ने इसकी अनदेखी की। अब ऐसी लापरवाह पूजा समितियों की पहचान कर कार्रवाई का सिलसिला शुरू हो गया है। पटना और नालंदा जिले में ऐसे मामलों को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 06:43 AM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 06:43 AM (IST)
दुर्गा पूजा में नियम तोड़ने वाली पूजा समितियों पर कार्रवाई शुरू, उपद्रवियों पर पटना व नालंदा में प्राथमिकी
पटना में दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन जुलूस में जुटी भीड़। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

पटना, जागरण संवाददाता। छिटपुट घटना को छोड़कर राजधानी सहित संपूर्ण पटना जिले में दुर्गा पूजा सौहार्दपूर्ण माहौल में शुक्रवार प्रतिमा विसर्जन के साथ संपन्न हो गई। जिला प्रशासन द्वारा 12 जगहों पर तालाबों में मूर्ति विसर्जन का प्रबंध किया था। इसके बावजूद कतिपय पूजा समिति और नागरिकों ने पूजन सामग्री गंगा में प्रवाहित करने से नहीं चूके। दानापुर से दीदारगंज तक गंगा किनारे पूजन सामग्री देखने को मिली। प्रशासन ने डीजे बजाने पर रोक लगाई थी, लेकिन कई पूजा समितियों ने इसकी अनदेखी की। अब ऐसी लापरवाह पूजा समितियों की पहचान कर कार्रवाई का सिलसिला शुरू हो गया है। पटना और नालंदा जिले में ऐसे मामलों को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पटना में गोसाई टोला की पूजा समिति पर प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि गौरीचक में डीजे बजाने से रोकने पर हंगामा करने वालों की पहचान कर प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी है। नालंदा में भी पूजा के दौरान उपद्रव करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

दुर्गा विसर्जन के समय डीजे बजाने  पर पूजा समिति पर मुकदमा दर्ज

प्रतिबंध के बावजूद दुर्गा पूजा के दौरान कई लोगों ने नियमों का पालन नहीं किया। युवा संघ दुर्गा पूजा समिति गोसाईं टोला द्वारा दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान निकाले गए जुलूस में डीजे बजाया जा रहा था। पूजा समिति को डीजे बंद करने को कहा तो कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए। इस मामले में पाटलिपुत्र थाना पुलिस ने दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष सहित 16 अन्य सदस्यों के खिलाफ नामित जबकि 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि, इसमें अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।

पुलिस के मना करने पर भी नहीं माने लोग

युवा संघ दुर्गा पूजा समिति गोसाईं टोला द्वारा गोसाईं टोले में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। कोरोना के कारण प्रशासन द्वारा विसर्जन के डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाया गया था। बावजूद इसके शुक्रवार की रात विसर्जन के दौरान पूजा समिति ने डीजे के साथ विसर्जन जुलूस निकाला था। रात करीब 10 बजे पुलिस ने गोसाईं टोला मोड़ पर जुलूस में डीजे बजाए जाने पर एतराज जताया। पाटलिपुत्र थाना प्रभारी एसके शाही ने बताया कि पुलिस द्वारा मना करने पर पूजा समिति के सदस्यों ने डीजे बंद नहीं किया और वे पुलिस से भिड़ गए। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखा डीजे को बंद कराया। इस मामले में युवा संघ दुर्गा पूजा समिति गोसाईं टोला के अध्यक्ष राजीव कुमार सहित अन्य के खिलाफ महामारी अधिनियम व अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

मूर्ति विसर्जन नियम का उल्लंघन, एसडीओ करेंगे जांच

जिलाधिकारी डा. चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि प्रशासनिक इंतजाम और बिहार मूर्ति विसर्जन प्रक्रिया नियमावली 2021 से पूजा समितियों को अवगत कराया था। उन्होंने माना कि कुछ पूजा समिति प्रशासन द्वारा निर्मित तालाब में विसर्जन के बजाये गंगा में मां दुर्गा की प्रतिमा और पूजन सामग्री डाल कर प्रदूषण फैलाने का कृत किया है। डीएम ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि ऐसे पूजा समितियों की पहचान कर सूची उपलब्ध कराएं ताकि बिहार मूर्ति विसर्जन नियमावली 2021 के प्रविधान के अनुसार सुसंगत धारा के तहत कार्रवाई की जा सके।

पूजा समितियों को किया गया था तालाब से टैग

डीएम ने बताया कि राजधानी सहित पटना जिले में सौहार्दपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन हो गया। बताया गया कि पूजा समितियों को विसर्जन के लिए अलग-अलग निकटतम तालाब से टैग किया गया था ताकि कोई असुविधा नहीं हो। अधिकांश लोगों ने नियम का पालन किया है लेकिन चंद लोगों ने प्रशासन के निर्देश का उल्लंघन कर गंगा में सीधे मूर्ति और पूजन सामग्री प्रवाहित कर दिया। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अनुमंडल पदाधिकारी को आदेश दे दिया गया है।

chat bot
आपका साथी