बेगूसराय में एक बंदर ने फैलाई दहशत, सिवान के शैतान बंदर के पकड़े जाने पर लोगों ने ली राहत की सांस

बेगूसराय में एक बंदर ने पूरे मोहल्‍लेवासियों को दहशतजदा कर दिया। वह अचानक बखरी के सघन आबादी वाले क्षेत्र वार्ड नंबर-13 में घुस आया। लोगों ने उसे भगाना चाहा तो उसने हमला बोल दिया । उधर सिवान में शैतान बंदर के पकड़े जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 05:12 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 07:53 PM (IST)
बेगूसराय में एक बंदर ने फैलाई दहशत, सिवान के शैतान बंदर के पकड़े जाने पर लोगों ने ली राहत की सांस
आधा दर्जन लोगों को काटने के बाद स्‍कॉर्पियों पर बैठकर झांकता बंदर, जागरण फोटो।

बखरी (बेगूसराय), जागरण संवाददाता।  बेगूसराय और सिवान में बंदर ने लोगों को जीना मुहाल कर दिया है। बंदरों के आतंक के कारण लोग दहशत में हैं। बेगूसराय के बखरी में एक ही बंदर ने आज रविवार को जमकर आतंक मचाया। दरअसल बंदर ने एक ही दिन में छह लोगों को काटकर घायल कर दिया है। आज सुबह बखरी नगर के वार्ड नंबर-13 में बंदर के काटने से एक महिला समेत पांच बच्‍चे घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज स्थानीय पीएचसी में किया गया। हालांकि पीएचसी में एंटी रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध नहीं रहने से गरीब मरीजों को बाजार से खरीदना पड़ा।

उधर, सिवान का शैतान बंदर पकड़ा गया जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। इसने भी दर्जनों लोगों को काटा था।

अचानक बंदर ने किया हमला

पहली घटना बेगूसराय के बखरी के शहरी क्षेत्र के सघन आबादी वाले मोहल्ले की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह एक बंदर अचानक वार्ड में घुस गया। लोगों ने उसे वहां से भगाने का प्रयास किया, इसी दौरान बंदर ने लोगों पर हमला कर दिया। स्थानीय पार्षद सिधेश आर्य ने बताया कि बंदर के काटने से वार्ड क्षेत्र के बिरजू राय की पत्नी अनीता राय, केदार साह, देव कुमार, पीयूष, आर्दश, लाले कुमार और आलोक जख्मी हो गए। इससे पूर्व भी बखरी पूर्वी के पूर्व सरपंच समेत कई लोगों को काटकर जख्मी कर दिया था।

सिवान में पकड़ में आया शैतान बंदर, ग्रामीणों में खुशी

सिवान जिला में आंदर प्रखंड के  असांव बाजार में पागल बंदर के आतंक से ग्रामीण त्रस्त थे। आज रविवार को भी सुबह बंदर ने असांव निवासी अनिरुद्ध बर्णवाल को काट कर घायल कर दिया।  इसके पूर्व भी यह बंदर दर्जन भर लोगों को काट कर घायल कर चुका है। इससे आक्रोशित लोगों द्वारा वन विभाग को सूचना देकर इस बंदर को पकड़वाने की गुहार लगाई, लेकिन वन विभाग द्वारा इस पर कोई कार्रवाई नहीं करने से ग्रामीणों ने बंदर पकडऩे वाली टीम को बुलाया। मुख्यालय से बंदर पकडऩे वाली टीम ने उसे पकडऩे का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद उस बंदर को पकडऩे में सफलता मिली।  टीम बंदर को लेकर चली गई।

ज्ञात हो कि यह शैतान बंदर ने असांव गांव निवासी प्रिंस कुमार, शेषनाथ तुरहा, महेंद्र राय, संजय पासी, सुग्रीव तुरहा, मो. जलील, अनिरुद्ध् बर्णवाल समेत दर्जनों लोगों को काट लिया था, जिनका उपचार विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में किया गया। बंदर के आतंक से दर्जनों गांवों के ग्रामीण बाजार आना छोड़ दिए तथा वहीं व्यवसायी भी डरे-सहमे अपनी दुकानदारी करने को मजबूर थे। अब बंदर के पकड़े जाने से लोगों में खुशी देखी जा रही है।

chat bot
आपका साथी