पटना के एसके पुरी थाने में पोस्‍टेड सिपाही की बेगूसराय में मौत, बिजली विभाग की लापरवाही ने ली जान

बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के रहने वाले बिहार पुलिस के सिपाही सुनील कुमार सिंह की मौत करंट लगने से शुक्रवार शाम हो गई। घटना के विरोध में शनिवार सुबह लोगों ने एनएच जाम कर दिया।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 05:22 PM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 05:22 PM (IST)
पटना के एसके पुरी थाने में पोस्‍टेड सिपाही की बेगूसराय में मौत, बिजली विभाग की लापरवाही ने ली जान
बेगूसराय में एनएच जाम करते आक्रोशित लोग। जागरण

साहेबपुर कमाल (बेगूसराय), संवाद सूत्र। थाना क्षेत्र के कल्याणपुर बहियार में खेत में टूट कर गिरे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से कल्याणपुर निवासी स्व. ब्रह्मदेव सिंह के 45 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार सिंह की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित स्वजनों व ग्रामीणों ने शव के साथ एनएच 31 पर आवागमन बाधित कर दिया। वे बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। स्थानीय पुलिस ने जनप्रतिनिधियों के सहयोग से समझा-बुझाकर जाम खत्म कराया। बताया गया कि सुनील कुमार सिंह बिहार पुलिस में कार्यरत थे। उनकी पोस्टिंग पटना के एसके पुरी थाने में थी। वे 24 सितंबर को ही छुट्टी पर गांव आए थे।  

सुबह से टूटकर गिरा था तार, शाम में हुआ हादसा

स्‍वजनों के मुताबिक शुक्रवार सुबह ही तार टूटकर गिर गया था। लेकिन शाम तक उसे दुरुस्‍त नहीं किया गया। सुनील उसे ही देखने गए थे, इसी क्रम में वे तार की चपेट में आ गए। वे बेहोश होकर गिर पड़े। आसपास के खेतों में काम कर रहे मजदूर व अन्य किसानों ने देखा तो दौड़े। किसी तरह तार से अलग किया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए स्थानीय पीएचसी भेजा। स्वजनों को घटना की जानकारी दी। पीएचसी में इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया।

एक घंटे बाधित रहा परिचालन

शनिवार की सुबह करीब 11 बजे शव के साथ एनएच-31 को लोगों ने जाम कर दिया। वे लुंजपुंज बिजली व्‍यवस्‍था को दुरुस्‍त करने की मांग कर रहे थे। परिचालन बाधित होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना के एसआइ वीरेंद्र कुमार सिंह, पूर्व जदयू प्रत्याशी अमर कुमार सिंह, पूर्व मुखिया सुबोध सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, पूर्व जि‍प सदस्य शिवजी सिंह, समाज सेवी संतोष सिंह, भाजपा नेता आशीष यादव मौके पर पहुंचे। किसी तरह समझाकर जाम समाप्‍त कराया। 

chat bot
आपका साथी