बिहारः बक्सर में गंगा से निकाले गए गले हुए 71 शव, पोस्टमॉर्टम के बाद सभी लाशों को दफनाया

बक्सर जिले के चौसा में महादेवा घाट और श्मशान घाट के बीच गंगा तट पर मिले 71 शवों को सोमवार की रात घाट पर ही पोस्टमॉर्टम कराने के बाद दफना दिया गया। शवों की पहचान को डीएनए जांच के लिए नमूने सुरक्षित रख लिए गए।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Tue, 11 May 2021 08:09 PM (IST) Updated:Tue, 11 May 2021 08:09 PM (IST)
बिहारः बक्सर में गंगा से निकाले गए गले हुए 71 शव, पोस्टमॉर्टम के बाद सभी लाशों को दफनाया
बक्सर में शवों को गंगा से निकालकर दफनाया गया। प्रतीकात्मक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, चौसा (बक्सर): बक्सर जिले के चौसा में महादेवा घाट और श्मशान घाट के बीच गंगा तट पर मिले 71 शवों को सोमवार की रात घाट पर ही पोस्टमॉर्टम कराने के बाद दफना दिया गया। शवों की पहचान को डीएनए जांच के लिए नमूने सुरक्षित रख लिए गए। सभी शवों के गल जाने के कारण कोरोना संक्रमण का पता नहीं लगाया जा सका। 

गंगा तट पर बड़ी संख्या में शवों के मिलने की खबर वायरल होने के बाद सोमवार की देर शाम जिलाधिकारी अमन समीर और आरक्षी अधीक्षक नीरज कुमार सिंह प्रशासनिक टीम के साथ महादेवा घाट पहुंचे। शवों को इकट्ठा कर गिनती की गई। जेसीबी से श्मशान स्थल पर गड्ढों की खुदाई कराई गई। घाट पर प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस व चिकित्सकीय टीम के अलावा किसी को जाने की इजाजत नहीं थी। लाइट भी बंद कर की दी गई थी। टार्च की रोशनी में पूरी प्रक्रिया की गई। सुबह मीडिया को वहां जाने की इजाजत मिली। डीएम ने कहा कि यहां जो भी शव मिले हैं, वे बक्सर के नहीं हैं। कहीं और से बहकर यहां आए हैं। दरअसल, चौसा के समीप सीमा क्षेत्र में गंगा की धारा का बहाव यूपी की ओर आता है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना था कि सभी शव दूसरे जिलों से बहकर नहीं आए हैं। तंगहाल स्थिति के कारण बहुत से स्थानीय लोग भी गंगा में शवों को प्रवाहित कर देते हैं। 

आधा दर्जन शव बहाने का वीडियो वायरल

जासं, बक्सर : चौसा में गंगा तट पर मिले शव प्रकरण में गाजीपुर के कुतुबपुर से एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उत्तर प्रदेश की सीमा में बारे थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगा घाट के किनारे बिहारी नामक एक नाविक को गंगा में शवों को बहाते दिखाया गया है। नाविक का कहना है कि उसने बारे पुलिस चौकी के पुलिसकर्मियों के कहने पर अपनी नाव में छह लाशों को बांधकर गंगा में बहाया है। जिन युवकों ने यह वीडियो बनाया है, उनसे नाविक कह रहा है कि वह पहले भी कई शवों को गंगा में बहा चुका है। बारे थाना की पुलिस ने इस काम के लिए उसे पैसे देने की बात कही थी। वीडियो किसने बनाया है यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन चौसा में शव मिलने के बाद बक्सर पुलिस की एक टीम भी इसकी छानबीन में जुट गई है। 

chat bot
आपका साथी