भारत ई-मार्केट पोर्टल पर दुकान खोलने के लिए बिहार से मिले 500 आवेदन, नहीं लग रहा कोई शुल्क

कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स की ओर से महाशिवरात्रि पर भारत ई-मार्केट पोर्टल से जुड़ने के लिए मोबाइल ऐप लांच किया गया था। इस ऐप के जरिए पोर्टल पर ई-दुकान खोलने के लिए 24 घंटे में बिहार से 500 आवेदन मिले हैं।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Sat, 13 Mar 2021 04:55 PM (IST) Updated:Sat, 13 Mar 2021 04:55 PM (IST)
भारत ई-मार्केट पोर्टल पर दुकान खोलने के लिए बिहार से मिले 500 आवेदन, नहीं लग रहा कोई शुल्क
भारत ई-मार्केट पोर्टल से ई-दुकान खोलने के लिए 24 घंटे में बिहार से 500 आवेदन मिले हैं।

जागरण संवाददाता, पटना: कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स की ओर से महाशिवरात्रि पर भारत ई-मार्केट पोर्टल से जुड़ने के लिए मोबाइल ऐप लांच किया गया था। इस ऐप के जरिए पोर्टल पर ई-दुकान खोलने के लिए 24 घंटे में बिहार से 500 आवेदन मिले हैं। देश भर में ऐसे आवेदनों की संख्या 30 हजार है जबकि कुल ऐप पर कुल हिट 75 हजार है। 

कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के बिहार के चेयरमैन कमल नोपानी, और अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि अधिकांश बहुराष्ट्रीय ई-कॉमर्स कंपनियां चुनिंदा व्यापारियों के समूह को ही आगे बढ़ा रही हैं। इससे सभी व्यवसायियों को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहा है। इसके जवाब में भारतीय व्यापारियों के लिए भी कैट की ओर से पोर्टल पेश किया गया है। इस पोर्टल पर अपना उत्पाद बेचने के लिए व्यापारी ई-दुकान बना सकते हैं। इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिनका आवेदन मिल चुका है, उनकी ई-दुकानें 15 मार्च से पोर्टल पर बननी शुरू हो जाएंगी। 

व्यापारियों को जोड़ने के लिए ब्रांड अंबेसडर चलाएंगे मुहिम 

अशोक कुमार वर्मा ने कहा है कि पोर्टल को प्रमोट करने, और देश के हर व्यापारी तक पहुंचाने के लिए 40 व्यापार संघों के शीर्ष व्यापारियों को ही ब्रांड अंबेसडर बनाया गया है। पोर्टल से सभी व्यापारियों को जोड़ने के लिए ये ब्रांड अंबेसडर मुहिम चलाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत के छोटे मैन्युफैक्चरर्स सहित सभी उद्यमी इस पोर्टल के जरिए अपना-अपना व्यापार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जा सकेंगे। हमारा उद्देश्य है कि देश के सभी व्यापारी इस पोर्टल से जुड़ जाएं और अपना कारोबार आगे बढ़ाएं। अप्रैल के तीसरे सप्ताह तक भारत ई-मार्केट पोर्टल को लॉन्च कर दिया जाएगा। इसके साथ ही पोर्टल पर कारोबार भी शुरू हो जाएगा। 14 मार्च से सभी ब्रांड अंबेसडर देश भर की यात्रा पर निकल जाएंगे, और हर क्षेत्र में पहुंच पोर्टल की जानकारी देंगे।

chat bot
आपका साथी