पटना में नौ साल की बच्ची के साथ 'दादा' ने किया गंदा काम, घर की छत पर दिया वारदात को अंजाम
बताया जाता है कि बच्ची और उसका परिवार किराये के कमरे में रहता हैं। उसी मकान में अधेड़ का भी परिवार रहता है। बच्ची आरोपित को दादा कहकर पुकारती थी। गुरुवार को बच्ची छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गई थी।
पटना, जागरण संवाददाता। Patna crime: पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के पोस्टल पार्क इलाके में नौ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। गुरुवार को पुलिस ने आरोपित 50 वर्षीय अधेड़ रामविनय प्रसाद गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि बच्ची और उसका परिवार किराये के कमरे में रहता हैं। उसी मकान में अधेड़ का भी परिवार रहता है। बच्ची आरोपित को दादा कहकर पुकारती थी। गुरुवार को बच्ची छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गई थी।
घटना के वक्त घर पर नहीं थी मां
अधेड़ ने छत पर बच्ची को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के समय बच्ची की छोटी बहन छत पर पहुंच गई। घटना के समय उसकी मां घर पर नहीं थी। कुछ देर बाद जब वह घर लौटी तो बच्ची रोते हुए आपबीती बताई। यह सुनकर पीडि़ता की मां उसे लेकर थाने पहुंच गई। पीडि़ता की मां की मानें तो जब वह बच्ची को लेकर थाने पहुंची तो आरोपित के एक रिश्तेदार ने उसे मामले को दबाने के लिए धमकी भी दी।
किशोरी से दुष्कर्म करने के मामले में आरोपित युवक गिरफ्तार
इधर, गोपालगंज जिले के फुलवरिया प्रखंड के श्रीपुर ओपी क्षेत्र के मंगलही गांव में पुलिस ने छापेमारी कर एक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के मामले में आरोपित एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए आरोपित युवक से पूछताछ करने के बाद गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बीते नौ जून गोपालपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी एक किशोरी बकरी चरा रही थी। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंच गया। युवक किशोरी को बहला फुसलाकर गांव ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
इस घटना की जानकारी मिलने पर किशोरी के स्वजन उसे लेकर महिला थाना पहुंचे। महिला थानाध्यक्ष आफसां परवीन ने किशोरी का बयान दर्ज कर उसका सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराई। जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर इस घटना को लेकर मंगलही गांव निवासी भुटन चौहान के खिलाफ पास्को एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपित युवक घर छोड़कर फरार हो गया।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के मामले में आरोपित युवक अपने घर आया है। इस सूचना के आधार मंगलही गांव में छापेमारी कर आरोपित भुटन चौहान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।