पटना में मिले एक दिन में रिकॉर्ड 260 मरीज
राजधानी में मंगलवार को एक दिन में सर्वाधिक 260 कोरोना मरीज मिले।
पटना। राजधानी में मंगलवार को एक दिन में सर्वाधिक 260 कोरोना मरीज मिले। पटना सिटी इलाके में सबसे अधिक 80 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित 102 एंबुलेंस सेवा से जुड़े 35 कार्यालय कर्मी व ड्राइवर पॉजिटिव मिले हैं। ये एंबुलेंसकर्मी लगातार कोरोना संक्रमित मरीजों को सेवा दे रहे थे। इसके बाद 102 कॉल सेंटर को बंद कर दिया गया है।
राज्य यक्ष्मा केंद्र अस्पताल के 16, गुरु गोविंद सिंह अस्पताल से 18, पाटलिपुत्र कॉलोनी से 10 और एसके पुरी से चार मरीज कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। बुद्धा कॉलोनी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एक वरीय अधिकारी भी पॉजिटिव मिले हैं। पटना में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 1402 हो गई है।
पटना सिटी क्षेत्र निवासी महापौर के पुत्र शिशिर कुमार, वार्ड 38 पार्षद सह सशक्त स्थायी समिति सदस्य डॉ. आशीष कुमार सिन्हा भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले 50 पॉजिटिव
बीते दिनों हुए विधान पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले 50 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सिविल सर्जन डॉ. आरके चौधरी के अनुसार शपथ ग्रहण में शामिल 650 लोगों का कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया था। इसमें 50 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। माननीय व पीड़ित व्यक्तियों की सूची तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और स्पीकर की रिपोर्ट एक दिन पहले ही निगेटिव आ चुकी है। कोरोना संक्रमित दो मरीज की मौत
पटना एम्स में भर्ती कोरोना संक्रमित दो मरीजों की मौत हो गई। एम्स के नोडल पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि मुजफ्फरपुर के काजी महम्मदपुर निवासी 65 वर्षीय सीताराम सिंघानिया और समस्तीपुर अजियारपुर के 29 वर्षीय युवक राजीव कुमार की मौत कोरोना से हो गई। सीताराम सिंघानिया को पटना एम्स में चार जुलाई व राजीव कुमार को एक जुलाई को भर्ती किया गया था।