पालीगंज में 10 घंटे मतदान, निर्भीक होकर डालें वोट

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पहली बार पालीगंज के मतदाताओं को वोट डालने के लिए 10 घंटे मिलेंगे।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 01:36 AM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 01:36 AM (IST)
पालीगंज में 10 घंटे मतदान, निर्भीक होकर डालें वोट
पालीगंज में 10 घंटे मतदान, निर्भीक होकर डालें वोट

पटना : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पहली बार पालीगंज के मतदाताओं को वोट डालने के लिए 10 घंटे का समय मिलेगा। नक्सल प्रभावित क्षेत्र के कारण यहां तीन बजे तक ही मतदान का मौका मिलता था, लेकिन इस बार सुबह 7.00 से शाम 5.00 बजे तक वोट दे सकेंगे। प्रखंड के मसौढ़ा-जलपुरा और महबलीपुर पंचायत पर प्रशासन की कड़ी नजर होगी। भयमुक्त वातावरण में निर्भीक होकर मतदाधिकार का प्रयोग करें। बूथों की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।

उक्त बातें जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डा. चंद्रशेखर सिंह और एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा ने पालीगंज में मतदान के पूर्व विधि-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कहीं। बताया गया कि मतदान के दिन 29 सितंबर को अरवल जिले की सीमा सील रहेगी। चार जगहों पर पुलिस चेकपोस्ट बनाया गया है। 23 पंचायतों के लिए 46 सेक्टर मजिस्ट्रेट के अलावा 175 गश्ती दल, पांच जोनल और एक सुपर जोनल मजिस्ट्रेट सतत भ्रमणशील रहेंगे। कोई भी वारंटी घर के बाहर दिखा तो तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

---------

अरवल जिले के सीमावर्ती

क्षेत्र में बनाए गए चार चेकपोस्ट महाबलीपुर के पास, अकबरपुर के पास ,धोखहरा मोड तथा इमामगंज मुंगीसा गेट के पास जहां दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी द्वारा वाहनों की कड़ाई से सतत एवं प्रभावी जांच की जा रही है। पालीगंज प्रखंड अंतर्गत कुल 207 शस्त्र में से 166 शस्त्र का सत्यापन किया जा चुका है। चुनाव को ध्यान में रखते हुए शराबबंदी अभियान के तहत 11 मामले दर्ज किए गए। 24 व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई तथा 84 लीटर शराब की जब्ती की गई है। अन्य मामलों में भी 93 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। 12 की कुर्की की गई है। 18 वल्नरेबल हैमलेट( भेद्य क्षेत्र) चिह्नित किए गए हैं।

---------

दो दशक बाद पालीगंज

में 10 घंटे मतदान

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में दो दशक बाद पालीगंज प्रखंड में सुबह 7.00 से शाम 5.00 बजे तक होंगे। यहां नक्सल क्षेत्र के कारण सामान्य क्षेत्र से दो घंटे पहले मतदान कराया जाता था। प्रत्येक मतदान केंद्र पर 6 मतदान पदाधिकारी है जो मतदान केंद्र के नजदीक अधिष्ठापित पालीगंज में 334 मतदान केंद्रों पर 29 सितंबर को मतदान क्लस्टर सेंटर से मतदान केंद्र पर निर्धारित समय पर पहुंचेंगे। पालीगंज में 23 क्लस्टर बनाए गए हैं। मतदान अवधि के 48 घंटा पूर्व प्रचार प्रसार बंद हो जाएंगे। इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। उम्मीदवार या दल के कार्यकर्ता द्वारा किसी मतदाता को वाहन से मतदान केंद्र तक लाना अथवा ले जाना प्रतिबंधित है। निजी वाहन मालिक अपने परिवार के साथ मतदान करने हेतु अपने वाहन का उपयोग कर सकते हैं। प्रखंड में 193589 मतदाता 29 सितंबर को मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वोटों की गिनती एक और दो अक्टूबर को होगी।

chat bot
आपका साथी