तेज रफ्तार बाइक चलाने से मना किया तो महिला को मारी गोली
फोटो-23 -गंभीर रूप से घायल महिला को नवादा से पीएमसीएच किया गया रेफर -दरियापुर हरिवंश विगहा गांव का वाकया गांव में तनाव संसू अकबरपुर
नवादा। दरियापुर हरिवंश विगहा गांव में बाइक तेज रफ्तार में चलाने से मना किया तो सुरेंद्र यादव ने बसंती देवी को गोली मार दी। गंभीर रूप से जख्मी महिला ओ सदर अस्पताल नवादा में भर्ती कराया गया। वहां स्थिति चिताजनक देख चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया है। वहां महिला की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, युवक तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था। महिला ने गांव के पास तेज रफ्तार में बाइक चलाने से मना किया। महिला की बात बाइक सवार को नागवार गुजरी। वह वहां से घर चला गया और पिस्तौल लाकर महिला के घर पर चढ़कर गाली गलौज करते हुए गोली चला दी। गोली लगने से महिला बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। उसे स्वजन इलाज के लिए सदर अस्पताल नवादा लेकर गए। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार वर्मा ने बताया कि घायल महिला के पुत्र सत्येंद्र यादव द्वारा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसमें गांव के सुरेंद्र यादव को नामजद किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल, घटना के बाद गांव में तनाव है।