अवैध लाटरी के साथ तीन धंधेबाज गिरफ्तार

नवादा नगर थाना की पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर लाखों की अवैध लॉटरी के साथ तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 18 Jul 2021 11:34 PM (IST) Updated:Sun, 18 Jul 2021 11:34 PM (IST)
अवैध लाटरी के साथ तीन धंधेबाज गिरफ्तार
अवैध लाटरी के साथ तीन धंधेबाज गिरफ्तार

नवादा : नगर थाना की पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर लाखों की अवैध लॉटरी के साथ तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए धंधेबाजों में नगर थाना क्षेत्र के इस्लाम नगर का मो. टिकू, नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के शामाबाद का राजनंदन पांडेय और नवादा नगर थाना क्षेत्र के गढ़पर मोहल्ला का रॉकी कुमार शामिल है। इन धंधेबाजों से नागालैंड राज्य की पांच हजार पीस लॉटरी, चार मोबाइल और 4 लाख 4 हजार 255 रुपये बरामद किए गए। यह जानकारी एसपी धूरत सयाली सावलाराम ने दी है।

बताया जाता है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहरी क्षेत्र में अवैध लॉटरी का धंधा फल-फूल रहा है। इस सूचना के आलोक में टीम गठित कर छापेमारी की गई। सबसे पहले इस्लाम नगर मोहल्ले में टिकू के घर पर छापेमारी की गई। जिसमें लाखों की लॉटरी और नगदी बरामद हुआ। इस दौरान टिकू और राजनंदन को गिरफ्तार किया गया। फिर गढ़पर रॉकी के घर छापेमारी कर लॉटरी, नगदी के साथ आरोपित को गिरफ्तार किया गया। पुलिस इसे अहम कामयाबी मान रही है।

------------------

पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी

- शहर में अवैध लॉटरी का कारोबार नया नहीं है। पहले भी कई बार छापेमारी कर लॉटरी के धंधेबाजों को सलाखों के पीछे भेजा गया है। पूर्व में भी इस्लाम नगर, गढ़पर, ठठेरी गली में छापेमारी कर आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था। बावजूद धंधा बंद नहीं हुआ। चोरी-छिपे लॉटरी का धंधा बदस्तूर जारी रहा।

-----------------

भोलेभाले लोगों को शिकार बनाते हैं धंधेबाज

- लॉटरी कारोबारी भोलेभाले लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। खासकर रिक्शा चालक, फुटपाथी दुकानदार सहित निम्न आय वर्ग के लोग इन धंधेबाजों के निशाने पर होते हैं। धंधेबाज कई एजेंट को रखे हुए हैं। जो शहर में घूम-घूमकर लॉटरी बेचते हैं। नवादा शहर में लॉटरी का यह करोड़ों का गोरखधंधा वर्षों से चलता आ रहा है। बताया जाता है कि इसमें करोड़ों के वारे- न्यारे होते हैं।

chat bot
आपका साथी