घर पर चढ़कर बदमाशों ने की गोलीबारी व बमबाजी

नवादा नगर थाना क्षेत्र के नवीन नगर मोहल्ले में गुरुवार की रात बदमाशों ने एक घर पर चढ़कर बमबाजी व गोलीबारी की। इस घटना में चार लोग घायल हो गए।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 06 Aug 2021 11:44 PM (IST) Updated:Fri, 06 Aug 2021 11:44 PM (IST)
घर पर चढ़कर बदमाशों ने की गोलीबारी व बमबाजी
घर पर चढ़कर बदमाशों ने की गोलीबारी व बमबाजी

नवादा : नगर थाना क्षेत्र के नवीन नगर मोहल्ले में गुरुवार की रात बदमाशों ने एक घर पर चढ़कर बमबाजी व गोलीबारी की। इस घटना में चार लोग घायल हो गए। घायलों में प्रिस कुमार, पड़ोसी वरूण कुमार उर्फ बब्लू, मामा पप्पू कुमार तथा मौसेरा भाई लक्की कुमार शामिल है। चारों को इलाज के लिए सदर अस्पताल दाखिल कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद पावापुरी विम्स रेफर कर दिया गया। घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

घटना के बाबत घायल प्रिस के भाई सौरभ कुमार ने आठ लोगों को नामजद व 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। नामजदों में शिवनगर मोहल्ला निवासी राजो चौधरी का पुत्र बिल्लू चौधरी, विकास कुमार उर्फ टाईगर, विक्रम कुमार, सौरभ पासवान, मोगल चौधरी, रामानंद चौधरी, पिटू रजक तथा विकास कुमार शामिल है। सूचक ने पुलिस को बताया कि रात में सभी लोग हरवे-हथियार से लैस होकर घर पहुंचे और अचानक बमबाजी और गोलीबारी शुरू कर दी। जिसमें भाई समेत अन्य लोग घायल हो गए। इस दौरान बदमाशों ने घर से 40 हजार रुपये भी लूट लिया। साथ ही स्वीफ्ट डिजायर गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया और भाग निकले। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस वहां पहुंची और छानबीन की। परिवार के कुछ सदस्यों का कहना है कि आरोपित रंगदारी की मांग करते हैं। वहीं कुछ लोगों का यह कहना है कि आरोपित यह कह रहे थे कि मोहल्ले में कोई लोग उनसे ऊंची आवाज में बात नहीं करता है। लेकिन प्रिस समेत अन्य लोग करते हैं। इसलिए गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। लिहाजा घटना के कारणों के बारे में साफ पता नहीं चल सका है। बहरहाल, पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है। बताया जा रहा है कि एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस अभी जानकारी नहीं दे रही है। घटना के बाद लोगों में दहशत व्याप्त हो गया है।

chat bot
आपका साथी