नवादा में मरीं दोनों महिलाएं थीं एक ही परिवार की, मलबे में दबकर हुई मौत

नारदीगंज (नवादा)। थाना क्षेत्र की डोहरा पंचायत के चौरमा-बनगंगा में शनिवार की सुबह दीवार गिरकर दो महिलाओं की मौत हो गई। वे दोनों एक ही परिवार की थीं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 11:32 PM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 11:32 PM (IST)
नवादा में मरीं दोनों महिलाएं थीं एक ही परिवार की, मलबे में दबकर हुई मौत
नवादा में मरीं दोनों महिलाएं थीं एक ही परिवार की, मलबे में दबकर हुई मौत

नारदीगंज (नवादा)। थाना क्षेत्र की डोहरा पंचायत के चौरमा-बनगंगा में शनिवार की सुबह दीवार गिरने से मरीं दोनों महिलाएं आपस में चचेरी गोतिनी थीं और एक परिवार की थीं। मृतक महिलाओं में उसी गांव के राजीव साव की 37 वर्षीया पत्नी गौरी कुमारी उर्फ नीतू देवी व मुकेश साव की 23 वर्षीया पत्नी खुशबू देवी बताई गई हैं। हादसे के बाद स्वजनों व शुभचितंकों में कोहराम व मातम छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेज दिया।

बताया जाता है कि गौरी व खुशबू सुबह में बधार में शौच के लिए घर से निकली थीं। वापस लौटकर घर के अंदर प्रवेश करने ही वाली थीं कि पड़ोसी गोरेलाल यादव के मिट्टी के घर की दीवार गिर गई। इस कारण दोनों मलबे में दब गई और उनकी मौत घटनास्थल पर हो गई। मृतकों का घर और गोरेलाल यादव का घर आमने-सामने है। दोनों महिलाएं मलबे में दब गई हैं, इससे ग्रामीण व घर वाले बेखबर थे। लोग इसी रास्ते से आ जा रहे थे। किसी को भनक तक नहीं लग सकी। कुछ समय बीतने के बाद घर के लोग दोनों महिलाओं के नहीं लौटने पर खोजने लगे। तब किसी व्यक्ति की नजर मलबे के अंदर से दिख रहे साड़ी के कुछ भाग पर पड़ी। साड़ी दिखते ही लोग हल्ला करने लगे। स्वजनों के अलावा बड़ी संख्या में लोग दीवार से गिरे मलबे को हटाने में लग गए। मलबा हटने पर दोनों महिलाएं उसमें दबी हुई मृत अवस्था में मिलीं। मृतक दोनों महिलाएं आपस में चचेरी गोतिनी बताई गई हैं। दोनों की मौत की पुष्टि होने के बाद घर-परिवार में कोहराम मच गया। गांव के लोग भी सकते में आ गए।

इस बीच ग्रामीणों ने सूचना मुखिया, थाना व सीओ को दी। थाने से एसआइ श्याम कुमार पांडेय पुलिसबल के साथ पहुंचे। आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मुखिया रेखा देवी, सरपंच रिकू देवी, समाजसेवी दिलीप साव, पिटू कुमार साव, पूर्व पंचायत समिति छोटे लाल यादव, वार्ड सदस्य देवचंद कुमार यादव, अजय साव, राजो साव, बाबू शरण यादव, विपिन यादव, लखन यादव, लालू यादव, राजेंद्र यादव, बलवीर यादव समेत बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।

इधर, सीओ अमिता सिन्हा ने बताया कि आपदा राहत कोष से मृतक के आश्रितों को सरकारी प्रविधानों के मुताबिक राशि उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, मुखिया ने कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत दोनों के आश्रितों को तीन-तीन हजार रुपये की सहायता दी है। दोनों मृतक महिला के पति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस घटना से ग्रामीण जहां स्तब्ध हैं, मृतका गौरी कुमारी को दो पुत्री रजनी कुमारी व गुंजन कुमारी और एक पुत्र दर्शन कुमार हैं। वहीं मृतका खुशबू देवी को एक पुत्री है। बीडीओ ने लिया घटनास्थल का जायजा :

नारदीगंज : नारदीगंज प्रखंड के बीडीओ अमरेश कुमार मिश्र ने चौरमा गांव पहुंच घटनास्थल का जायजा लिया है। उन्होंने मिट्टी की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत के बाद पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी तथा आपदा प्रबंधन विभाग से सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

chat bot
आपका साथी