औरंगाबाद सांसद पर हमले की साजिश रचने वाला हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार, कई वारदात में रहा है शामिल

औरंगाबाद के सांसद सुशील कुमार सिंह पर नक्‍सली हमले की साजिश रचने वाले हार्डकोर बिंदेश्‍वरी पासवान को पुलिस ने दबोच लिया है। सांसद पर गया के इमामगंज में हमले की साजिश थी। गिरफ्तार नक्‍सली कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।

By Edited By: Publish:Sat, 16 Jan 2021 12:02 AM (IST) Updated:Sat, 16 Jan 2021 06:43 AM (IST)
औरंगाबाद सांसद पर हमले की साजिश रचने वाला हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार, कई वारदात में रहा है शामिल
गिरफ्तार नक्‍सली के साथ पुलिस व एसएसबी अधिकारी। जागरण

जासं, औरंगाबाद। स्‍थानीय भाजपा सांसद सुशील कुमार सिंह पर हमले की साजिश रचनेवाले भाकपा माओवादी के हार्डकोर नक्सली बिंदेश्‍वर पासवान उर्फ दुबे को पुलिस ने शुक्रवार को दबोच लिया। नक्सली को गिरफ्तार करने में केंद्रीय पुलिस के साथ जिला पुलिस बल की सहभागिता थी। नक्सली की गिरफ्तारी पुलिस ने उसके घर पहाड़पुरा गांव से की है। कुछ हीं दिन पहले सांसद पर गया जिला के इमामगंज में नक्सली हमले की साजिश में वह शामिल रहा है। पुलिस के समक्ष उसने सड़क निर्माण में लगे पोकलेन मशीन को जलाने में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

जेल से आने के बाद नक्‍सली क्रियाकलापों में था शामिल

एसपी सुधीर कुमार पोरिका ने नक्सली की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। बताया कि 30 दिसंबर 2020 को रफीगंज थाना पुलिस ने कौआखाप गांव से तीन हार्डकोर नक्सलियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। तब उस समय मौजूद रहे बिंदेश्‍वरी पासवान भागने में सफल रहा था।  वह कोंच थाना क्षेत्र के छतीहर गांव में वर्ष 2020 के जून माह में सड़क निर्माण कार्य में लगे पोकलेन मशीन को जलाने में शामिल रहा है। नक्सली के खिलाफ औरंगाबाद एवं गया जिले के विभिन्न थानों में कई नक्सल कांड दर्ज है। किस-किस वारदात  में यह शामिल रहा है इसकी तहकीकात की जा रही है। पूर्व में गोह थाना पुलिस ने गिरफ्तार इसे कर जेल भी भेजा था। जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद संगठन के लिए कार्य कर रहा था।

एसएसबी और पुलिस ने खदेड़कर दबोचा

एसएसबी के सहायक कमांडेंट सुमन सौरभ ने बताया कि नक्सली के गांव आने की सूचना पर जब उसके गांव में छापामारी की गई तो वह पुलिस को देखते ही भागने लगा। सुरक्षाबलों ने खदेड़कर गांव के बधार से उसे गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद रफीगंज थाना में पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि वह चाल्हो जोन का सबजोनल कमांडर संदीप यादव उर्फ छोटा संदीप हमारे घर आता है। पुलिस को बताया कि वह संदीप के साथ लेवी वसूलने का कार्य करता है। इलाके में नक्सली पर्चा साटने का कार्य करता है। एसएसबी के अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ में कई अहम सुराग मिला है। कोच स्थित कैंप के एसएसबी के द्वितीय कमांडेंट लोकेश कुमार की सूचना पर कंपनी के उप कमांडेंट ज्ञानेंद्र कुमार के नेतृत्व में कंपनी के सहायक कमांडेंट सुमन सौरभ ने रफीगंज थाना पुलिस के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी कर नक्सली को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी में रफीगंज थाना के दारोगा रविकांत  सिंह शामिल रहे।

chat bot
आपका साथी