महिला ने दबंग पर पहले लगाया दुष्कर्म का आरोप, शाम में पलटी; कहा-बस मारा-पीटा
बिहार के नालंदा में एक महिला ने पहले तो पिस्तौल के बल पर दुष्कर्म का आरोप लगाया फिर ऐसी किसी घटना से इनकार कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नालंदा, जेएनएन। बिहार में अपराधी अब हैवानियत की हद पर उतर आया है। ज्ञान की भूमि नालंदा में दबंगों ने हैवानियत की हद पार करते हुए पिस्तौल का भय दिखाकर छह बच्चों की मां के साथ दुष्कर्म किया। घटना की वक्त पीडि़ता का एक नाबालिग पुत्र उसके सामने ही था। वहीं, अब पीडि़त महिला अपने बयान से पलट गई है। उन्होंने कहा कि मेरे साथ सिर्फ मारपीट हुई है।
दरअसल, सरमेरा थाना क्षेत्र के एक गांव में पहले विधवा ने दुष्कर्म की बात कही, लेकिन शाम होते ही वह बयान से पलट गई। बाद में उसने कहा कि आरोपी ने उसे लाठी से मारपीट कर घायल कर दिया था। सुबह में बयान में पीडि़ता ने आरोप लगाया था कि बगल गांव के दबंग ने मंगलवार को उसके नाबालिग पुत्र के सामने ही पिस्तौल का भय दिखाकर दुष्कर्म किया था।
शाम में थाना में दिए आवेदन में उसने बताया है कि वह गांव के एक किसान के खेत में धान काट रही थी। इसी दौरान आरोपी भुवनेश्वर उर्फ दारा सिंह आया और उसे पकडऩे की कोशिश करने लगा। भागने के दौरान उसकी साड़ी खुल गई। इसी बीच मेरा बेटा भाग कर गया और खेत के मालिक को सूचना दी। जब तक मालिक मौके पर पहुंचते उससे पहले आरोपी भाग गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीडि़ता ने मारपीट का आवेदन दिया है। दुष्कर्म की बात आवेदन में नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि पीडि़ता के पति की तकरीबन चार वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। वह मजदूरी करके जीवनयापन करती है। वह छह बच्चों की मां है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच की जा रही है। इसमें जो भी दोषी होगा बख्शा नहीं जाएगा।