Sawan 2021: सावन के सभी दिन महादेव की पूजा से सोमवारी के समान फल की होती है प्राप्ति

सोमवार को महादेव का दिन माना जाता है। सोमवारी का व्रत रखने से बड़ी से बड़ी आपदा आसानी से दूर होती है। मिट्टी हल्दी से भी पार्थिव महादेव बनाकर उनका पूजन किया जा सकता है। भगवान शिव के मंत्रों का जाप कर उनकी पूजा करें।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 09:09 AM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 09:09 AM (IST)
Sawan 2021: सावन के सभी दिन महादेव की पूजा से सोमवारी के समान फल की होती है प्राप्ति
सावन में भक्त बाबा पर जलाभिषेक और पूजन कर मनवांछित फल की कामना करते हैं।

मुजफ्फरपुर, जासं। अलग-अलग माह में अलग देवताओं की पूजा का विधान है। सावन माह महादेव की पूजा के लिए प्रशस्त किया गया है। भोलेनाथ को हरियाली और जल अतिप्रिय है। सावन में भक्त बाबा पर जलाभिषेक और पूजन कर मनवांछित फल की कामना करते हैं। भक्तों की श्रद्धा और भक्ति से महादेव अति प्रसन्न होते हैं और सबकी मुरादें पूरी होती हैं। सावन का प्रत्येक दिन बाबा के पूजन के लिए सोमवारी के समान ही फलदायी होता है। सोमवार को महादेव का दिन माना जाता है इसीलिए बाबा की पूजा के लिए इस दिन विशेष पूजा की जाती है। सोमवारी का व्रत रखने से बड़ी से बड़ी आपदा आसानी से दूर होती है। मिट्टी, हल्दी से भी पार्थिव महादेव बनाकर उनका पूजन किया जा सकता है। भगवान शिव के मंत्रों का जाप कर उनकी पूजा करें। इस बार बाबा गरीबनाथ से कोरोना संक्रमण से विश्व को मुक्ति दिलाने और अमन व खुशहाली की कामना करेंगे। 

बाबा गरीब नाथ

बाबा गरीबनाथ को उत्तर बिहार में बाबा वैद्यनाथ के रूप में जाना जाता है। सालों भर यहां लाखों की संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। सावन में बाबा गरीबनाथ धाम में भक्तों का हुजूम उमड़ता है। मुजफ्फरपुर के अलावा आसपास के कई जिलों से भक्त दर्शन को पहुंचते हैं। हालांकि, कोरोना संक्रमण के कारण पिछले वर्ष भी श्रावणी मेला नहीं लगा था। इस वर्ष भी भक्तों के प्रवेश की अनुमति नहीं है।

इतिहास : बाबा गरीबनाथ मंदिर का इतिहास काफी पुराना है। मान्यता है कि यहां पहले काफी घना जंगल था। इसकी सफाई के क्रम में एक बार मजदूर की कुदाल पत्थर से टकरा गई। जब उसकी खुदाई की गई तो पत्थर का आकार बढ़ता चला गया और उसकी गहराई का कोई अंदाजा नहीं लग सका। ईश्वरीय प्रेरणा से यहां एक मंदिर का निर्माण हुआ। वर्ष 2006 में बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद की ओर से इसे अधिगृहित कर जीर्णोद्धार किया गया।

विशेषता : मान्यता है कि बाबा गरीबनाथ सबकी मनोकामना पूर्ण करते हैं। सच्चे मन से जो भी मांगता है वह पूरा हो जाता है। यहां से कोई भी भक्त खाली हाथ नहीं लौटता। सावन में बाबा गरीबनाथ की पूजा से विशेष फल की प्राप्ति होती है। पुजारी, बाबा गरीबनाथ मंदिर पं.अभिषेक पाठक ने कहा कि सावन माह में बाबा भोलेनाथ और मां पार्वती की पूजा से कुवारी कन्या और पुरुष दोनों को मनचाहे वर-वधु की प्राप्ति होती है। साथ ही सभी कामनाएं पूर्ण होती हैं। महाकाल सेवा दल के आकाश सिंह राजपूत ने कहा कि बाबा गरीबनाथ की प्रसिद्धि सूबे में बढ़ती जा रही है। अन्य प्रदेशों से भी यहां भक्त बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सावन में बाबा के दर्शन मात्र से असीम फल की प्राप्ति होती है।  

chat bot
आपका साथी