पश्चिम चंपारण के चनपटिया स्टार्टअप जोन को मास्क निर्माण का सहारा

लॉकडाउन में शुरू हुए इस जोन के गारमेंट उद्यमियों को 25 लाख मास्क का मिला ऑर्डर। तकरीबन 400 लोगों को मिला रोजगार अब तक 2.5 लाख मास्क का हुआ निर्माण। मंदी की आशंका के बीच यहां के एक दर्जन टेक्सटाइल्स उद्यमियों को मास्क निर्माण का काम मिला है।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Mon, 10 May 2021 09:20 AM (IST) Updated:Mon, 10 May 2021 09:20 AM (IST)
पश्चिम चंपारण के चनपटिया स्टार्टअप जोन को मास्क निर्माण का सहारा
आर्डर सूबे के कई जिलों के अलावा यूपी से भी है। फोटो: जागरण

पश्चिम चंपारण, [शशि कुमार मिश्र]। कोरोना की दूसरी लहर में जब रोजी-रोजगार पर संकट है, ऐसे दौर में चनपटिया का स्टार्टअप जोन बड़ा सहारा साबित हो रहा है। मंदी की आशंका के बीच यहां के एक दर्जन टेक्सटाइल्स उद्यमियों को मास्क निर्माण का काम मिला है। आर्डर सूबे के कई जिलों के अलावा यूपी से भी है। इसके चलते तकरीबन 400 कारीगरों को काम मिला है। बीते वर्ष लॉकडाउन के बाद बेतिया के चनपटिया में स्टार्टअप जोन की शुरुआत हुई थी। पंजाब, गुजरात की गारमेंट कंपनियों में काम करने वाले प्रवासी कामगार लौटे तो प्रशासन की मदद से यहां खुद की कंपनी शुरू की। काम अच्छा चल रहा था। रेडिमेड कपड़ों की मांग अन्य राज्यों में भी थी। इस बीच कोरोना की दूसरी लहर के बाद निर्माण कंपनियों का काम प्रभावित हुआ। बहुत से कामगार बेरोजगार हो गए। अब यहां के उद्यमियों को नया काम मिल गया है। 25 लाख मास्क के आर्डर मिले हैं। 

दो शिफ्ट में हो रहा काम

मास्क निर्माण का काम बीते 10 दिनों से दो शिफ्ट में चल रहा है। कोरोना से बचाव के लिए कामगारों को बाहर नहीं जाने दिया जा रहा। उनके लिए स्टार्टअप जोन में ही रहने व खाने की व्यवस्था की गई है। शारीरिक दूरी का पालन कर काम कराया जा रहा है। सैनिटाइजेशन से लेकर कोरोना की हर गाइडलाइन का पालन हो रहा है। लिसो कंपनी के प्रोपराइटर मृत्युंजय कुमार के अनुसार उनके यहां मास्क निर्माण में 60 लोग लगे हैं। एक कारीगर रोजाना तकरीबन 500 मास्क बना ले रहा है। उसे प्रति मास्क डेढ़ रुपये दिए जा रहे हैं। इसके अलावा निकिता कुमारी के यहां 20, शोयब ताहिर के यहां 30, पूजा गारमेंट्स में 10, मुनीर आलम के यहां 10, इमरान अंसारी के यहां 20 कामगार कार्य कर रहे हैं। आधा दर्जन अन्य गारमेंट कंपनियां भी मास्क बनाने में लगी हैं। मास्क कपड़े का बनाया जा रहा है।

कई जिलों से मिले आर्डर

स्टार्टअप जोन के नोडल पदाधिकारी शैलेश पांडेय के अनुसार मास्क के आर्डर कई जिलों से मिले हैं। इसमें पश्चिम चंपारण व गोपालगंज के अलावा उत्तर प्रदेश का कुशीनगर जिला भी शामिल है। अब तक 2.5 लाख मास्क का निर्माण हुआ है। पूर्वी चंपारण, वैशाली व कटिहार सहित कई जिलों से ऑर्डर के लिए बात चल रही है। इससे काम और बढ़ेगा। वह कहते हैं कि पंचायती राज विभाग की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक परिवार को आधा दर्जन मास्क उपलब्ध कराया जाना है। इसमें पहली प्राथमिकता जीविका समूह, दूसरी खादी समूह तथा तीसरी प्राथमिकता चनपटिया स्टार्टअप जोन को देनी है। इसका लाभ यहां के उद्यमियों को मिल रहा है। 

chat bot
आपका साथी