West Champaran Crime: थाने में मारपीट व सरकारी वाहन तोड़ने में 27 नामजद व 200 अज्ञात पर प्राथमिकी

West Champaran Crime काेचिंग पढ़ने गई छात्रा के साथ छेड़खानी के मामले ने राजनीतिक रूप लिया मुखिया पद पर विजेता और उप विजेता के समर्थक थाना परिसर में भिड़े। पुल‍िस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच पड़़ताल शुरू कर दी है।

By Dharmendra Kumar SinghEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 05:36 PM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 05:36 PM (IST)
West Champaran Crime: थाने में मारपीट व सरकारी वाहन तोड़ने में 27 नामजद व 200 अज्ञात पर प्राथमिकी
पश्‍च‍िम चंपारण के बगहा में थाने में मारपीट मामले में कार्रवाई शुरू।

पश्‍च‍िम चंपारण (बगहा), जासं। चौतरवा थाना के अहिरवलिया गांव में रविवार को कोचिंग संचालक द्वारा छेड़छाड़ के मामले ने थाने में राजनीतिक रंग ले लिया। थाना परिसर में हुई हिंसक झड़प में दोनों तरफ से 10 लोग जख्मी हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजा गया। हालांकि इसमें तीन की स्थिति नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल बेतिया रेफर कर दिया गया। रेफर लोगाें में मुखिया पुत्र आनंद शाही, हारे हुए प्रत्याशी के पति मनोज शाही और इनके भाई ओम शाही शामिल हैं। जिनका इलाज गोरखपुर में चल रहा है। जबकि श्री किशुन सिंह, गिरजानंद किशोर, योगेश्वर कुमार, हरेंद्र यादव, छोटक गोंड, सुनील महतो, साहेब गोंड का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में कराने के बाद इन सभी को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।

पुलिस गिरफ्तारी के लिए कर रही

चौतरवा थानाध्यक्ष शंभू शरण गुप्ता ने बताया कि मुखिया पुत्र और हारे हुए प्रत्याशी के पति समेत 27 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। जबकि 200 अज्ञात लोगों पर एफआइआर दर्ज की गई है। इन लोगों के ऊपर थाने परिसर में घुसकर सरकारी वाहन को क्षति पहुंचाने, सीसीटीवी कैमरा के तार को काट डालने, बाइकों की डिक्की तोड़ने व सरकारी कागजात फाड़ने का आरोप है। कुछ लोगों को कल ही पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गांव बना पुलिस छावनी

विधि व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए गांव में आधा दर्जन दंडाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। सभी दंड अधिकारियों को शिफ्ट वाइज ड्यूटी पर तैनात किया गया है। आठ घंटे का तीन शिफ्ट बनाया गया है। एक शिफ्ट में दो दंडाधिकारी और पुलिस बल को लगाया गया है। इसमें कृषि विभाग के मुन्ना कुमार, शैलेंद्र कश्यप, गौरीशंकर प्रसाद, महेंद्र कुशवाहा, सभी कृषि समन्वयक के साथ कनीय अभियंता राजा बाबू, संजीत कुमार शामिल हैं। इनके द्वारा पुष्पांजलि कोचिंग संस्थान, आनंद शाही के घर से मनोज शाही के घर तक गश्त लगाने का आदेश दिया गया है।

मामला कुछ था बदल गया दूसरे रूप में

रविवार की सुबह कोचिंग करने गई छात्रा के साथ कोचिंग के शिक्षक अमित कुमार सिंह ने छेड़छाड़ किया था। जिसे लेकर छात्रा प्राथमिकी दर्ज कराने थाने पहुंची। लेकिन थाना परिसर में छात्रा के पक्ष और विपक्ष में क्रमश: विजेता मुखिया और उप विजेता के समर्थक पहुंच गए। आरोपित शिक्षक की गिरफ्तारी को लेकर जीते मुखिया के पुत्र व हारे मुखिया प्रत्याशी के पति आमने सामने आ गए। जिसके बाद पहले तो थाने के बाहर फिर थाने परिसर में ही आपस में दोनों गुट भिड़ गए। जिसके बाद जमकर दोनों पक्षों में आपस में लाठियां चली। इसके साथ ही थाना परिसर में तोड़फोड़ करने लगे। एसपी के पहुंचने पर सभी को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया।

chat bot
आपका साथी