Weather Muzaffarpur, Bihar:अगले बारह घंटे में मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में होगी भारी वर्षा, घर में ही रहें तो बेहतर

Weather Muzaffarpur Bihar अन्य जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना। 10 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेगी पुरवा हवा। अगले 24 घंटों मे बेगूसराय गोपालगंज सारण पूर्वी तथा पश्चिमी चंपारण जिलों के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 09:55 AM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 09:55 AM (IST)
Weather Muzaffarpur, Bihar:अगले बारह घंटे में मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में होगी भारी वर्षा, घर में ही रहें तो बेहतर
अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। फाइल फोटो

मुजफ्फरपुर, जासं। Weather Muzaffarpur, Bihar: जिला समेत उत्तर बिहार के कुछ जिलों में अगले बारह घंटे में भारी वर्षा हाे सकती है। जबकि मानसून की सक्रियता के कारण अन्य स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। यह कहना है मौसम विभाग का। डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि इस अवधि में मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है। जिसके कारण उत्तर बिहार के अधिकतर जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं अगले 24 घंटों मे बेगूसराय, गोपालगंज, सारण, पूर्वी तथा पश्चिमी चंपारण जिलों के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 20 से 23 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 80 से 85 प्रतिशत तथा दोपहर में 50 से 60 प्रतिशत रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वानुमानित अवधि में मुख्यतः पूरवा हवा औसतन 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है।

किसानों को दिया गया सुझाव

विज्ञानी ने बताया है कि अच्छी वर्षा का लाभ उठाते हुए लम्बी अवधि के धान की रोपनी के लिए खेतों का मेड़ तैयार कर लें। रोपाई के समय लंबी अवधि की किस्मों के लिए 30 किलोग्राम नेत्रजन, 60 किलोग्राम स्फूर एवं 30 किलोग्राम पोटाश के साथ 25 किलोगाम जिंक सल्फेट या 15 किलोग्राम प्रति हेक्टर चिलेटेड जिंक का व्यवहार करें। रोपे हुए धान की फसल में खरपतवार नियंत्रण के कार्य को प्राथमिकता दें। धान का बीज नर्सरी में प्राथमिकता से गिरावें। मध्यम अवधि के लिए संतोष, सीता, सरोज, राजश्री, प्रभात, राजेन्द्र सुवासनी, राजेन्द्र कस्तुरी, राजेन्द्र भगवती, कामिनी, सुगंधा किस्में अनुशंसित है। एक हेक्टेयर क्षेत्रफल में रोपाई के लिए 800-1000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बीज गिरावें। नर्सरी में क्यारी की चौड़ाई 1.25-1.5 मीटर तथा लम्बाई सुविधानुसार रखें। बीज को बविस्टिन 2 ग्राम प्रति किलोग्राम की दर से मिलाकर बीजोपचार करें। 10 से 12 दिनों के बिचड़े वाली नर्सरी से खर-पतवार निकालें।

दरभंगा जिले में शनिवार की सुबह धूप खिली तो लोगों ने जल-जमाव से राहत की सांस ली। इस बीच धूप पर बादलों का पहरा रहा। सीतामढ़ी में आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। अभी कहां है कि 23 जून तक मानसून की सक्रियता बनी रह सकती है। अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच में रहेगी।

chat bot
आपका साथी