जल संसाधन मंत्री ने पश्चिमी कोशी नहर परियोजना का लिया जायजा
जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने खुटौना प्रखंड के क्षेत्राधीन मुख्य नहर एवं संरचनाओं का किया निरीक्षण। कार्य की अद्यतन स्थिति पर जताया असंतोष तय समय में कार्य पूरा करने का दिया सख्त निर्देश। इस परियोजना के पूरा होने से मधुबनी व दरभंगा के लाखों किसानों को होगा फायदा।
मधुबनी, जासं। राज्य के जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने खुटौना प्रखंड के क्षेत्राधीन मुख्य नहर एवं संरचनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होनें क्रॉस रेगुलेटर सह इस्केप संरचना का निरीक्षण किया गया और स्थल पर ही परियोजना कार्यों की समीक्षा की। पश्चिमी कोशी नहर परियोजना के अवशेष एवं पुनर्स्थापन कार्य की अद्यतन प्रगति पर असंतोष जताया। इस परियोजना अंतर्गत मिट्टी कार्य, लाइनिंग, संरचनाओं को पुनर्स्थापन, अवशेष संरचनाओं के निर्माण आदि कार्य कराए जा रहे हैं। केवल मिट्टी कार्य में लगभग 20 प्रतिशत ही प्रगति हुई है, जबकि एकरारनामाक के अनुसार कुल 19.5 कार्यकारी माह में से 6.5 माह बीत चुके हैं। कार्य करने के निर्धारित समय के अनुसार अब तक करीब 33.33 प्रतिशत प्रगति वांछित थी। स्थल पर संवेदक प्रतिनिधि को संरचनाओं में अपेक्षित प्रगति के लिए पर्याप्त मात्रा में निर्माण सामग्रियों के भंडारण, मशीन एवं मजदूर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। पश्चिमी कोशी नहर परियोजना के पश्चिमी कोशी नहर के बिंदु 86 तक सभी प्रणालियों के साथ प्राथमिकता के आधार पर मार्च 2022 तक कार्य पूर्ण करने का समय निर्धारित है।
अभियंताओं को दिए कई निर्देश
इस आलोक में पश्चिमी कोशी नहर प्रमंडल खुटौना, अंधराठाढ़ी व झंझारपुर के कार्यपालक अभियंताओं को नहरों में अवस्थित गैपों को भरने के लिए नहरवार कार्यक्रम तैयार कर जिलाधिकारी से सहयोग प्राप्त् कर निर्धारित तिथि पर कार्य पूर्ण कराने तथा परियोजना के शेष भागों को भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया गया। उनके द्वारा मुख्यालय स्तर से 15 दिनों पर कार्यों की प्रगति की समीक्षा किए जाने की आवश्यकता बताई गई। नेपाल भाग में रबी पटवन में पानी की मांग को देखते हुए पश्चिमी कोशी मुख्य नहर के शून्य से 25.13 किमी तक नहर का कार्य दिसंबर तक ही पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। इसके लिए सिंचाई की आवश्यकता नहीं रहने पर नहर को बंद कर नहर के पानी को इस्केप कर देने का भी सुझाव दिया गया। बता दें कि इस परियोजना के पूरा होने से मधुबनी व दरभंगा के लाखों किसानों को फायदा होगा।
सेवापथ के पक्कीकरण की दिशा में कार्रवाई का निर्देश
समीक्षा के दौरान पश्चिमी कोशी मुख्य नहर के बिंदू शून्य से 86 तक सेवापथ के पक्कीकरण और झंझारपुर शाखा नहर के लाइनिंग कार्य का प्रस्ताव तैयार करने की आवश्यकता महसूस की गई। नेपाल भाग में भी नहर निरीक्षण की सुविधा के लिए सेवापथ के पक्कीकरण की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान मंत्री के साथ जल संसाधन विभाग दरभंगा के मुख्य अभियंता ई. हरि नारायण, पश्चिमी कोशी नहर अंचल झंझारपुर के अधीक्षण अभियंता ई. अरविंद मोहन ठाकुर, खुटौना व अंधराठाढ़ी के कार्यपालक अभियंता ई. विनय कुमार, कुनौली के कार्यपालक अभियंता ई. अशोक कुमार, खुटौना के सहायक अभियंता ई. राजेश कुमार, झंझारपुर के सहायक अभियंता ई. भाष्कर कुमार व संवेदक प्रतिनिधि ईश्वर राव मौजूद थे।