कटरा में बढ़ रहा बागमती का जलस्तर, कई गांव पानी से घिरे

कटरा में बागमती के जलस्तर में शनिवार को भी वृद्धि जारी रही। इससे बाढ़ पीड़ितों की परेशानी बढ़ती जा रही है। कई गांवों के लोग बाढ़ से घिर गए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 29 Aug 2021 04:30 AM (IST) Updated:Sun, 29 Aug 2021 04:30 AM (IST)
कटरा में बढ़ रहा बागमती का  जलस्तर, कई गांव पानी से घिरे
कटरा में बढ़ रहा बागमती का जलस्तर, कई गांव पानी से घिरे

मुजफ्फरपुर। कटरा में बागमती के जलस्तर में शनिवार को भी वृद्धि जारी रही। इससे बाढ़ पीड़ितों की परेशानी बढ़ती जा रही है। कई गांवों के लोग बाढ़ से घिर गए हैं। उनको दैनिक दिनचर्या से लेकर जरूरत की चीजों की खरीदारी मुश्किल हो गई है। मुख्य मार्ग में पानी भर जाने से यातायात ठप है। चारा का अभाव पशुपालकों की परेशानी बढ़ा रहा है। सभी प्रकार की सरकारी सुविधाओं से बाढ़ पीड़ित वंचित हैं। बकुची चौक पर पानी लगा है। इससे सभी दुकानें बंद हैं।

लगातार हो रही बारिश से बागमती और लखनदेई के जलस्तर में वृद्धि हुई है। प्रखंड मुख्यालय का सड़क संपर्क 14 पंचायतों से भंग हो चुका है। बेनीवाद-औराई मार्ग में आधा दर्जन स्थानों पर सडकें डूब चुकी हैं और आवागमन ठप है। प्रखंड के चंदौली, बर्री, बलुआ, गंगेया, नवादा, बकुची तथा बसघटृा में सड़कों पर पानी बह रहा है। कटरा-माधोपुर के बीच पानी भर जाने से आवागमन बाधित है। बड़ाडीह-हटबरिया का मार्ग बंद है। भदई चौक से धनौर जाने के मार्ग में तीन स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। तेहवारा, बुधकारा के मार्ग में पांच फीट पानी बह रहा है। बाढ़ का पानी बंधपुरा, बेलपकौना, बसंत, खंगुरा, पहसौल, नगवारा, चंगेल, कटाई आदि में प्रवेश कर गया है।

घर में पानी प्रवेश करने से करीब पांच परिवार निर्वासित हो चुके हैं। कटरा रिग बांध पर दो दर्जन बाढ़ पीड़ितों ने शरण ले रखी है। वहीं नवादा रोड पर दो दर्जन लोग पहुंच गए हैं। शिवदासपुर के बसंत में विस्थापित हो दर्जनभर परिवार बांध पर शरण ले रखी है। भोजन से लेकर पेयजल तक की किल्लत है। बीमार होने पर चिकित्सा की कोई व्यवस्था नहीं है। सर्पदंश का खतरा भी बना है। कटरा का अंबेदकर नगर चारों तरफ पानी से घिर गया है। कई घरों में पानी घुसा है।

chat bot
आपका साथी