बागमती नदी के जलस्तर में वृद्धि, कटरा में आवागमन बाधित
बागमती नदी के जलग्रहण क्षेत्र में दो दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश से जलस्तर में वृद्धि जारी है।
मुजफ्फरपुर : बागमती नदी के जलग्रहण क्षेत्र में दो दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश से जलस्तर में वृद्धि जारी है। गुरुवार की शाम तक बागमती नदी की धारा व उप धाराओं का पानी अपने तट से ऊपर बहने लगा है। जलस्तर में वृद्धि होने के कारण औराई के बागमती परियोजना उत्तरी और दक्षिणी बाध के बीच अवस्थित एक दर्जन गाव के लोगों की धड़कनें तेज हो गईं। एक बार फिर बाढ़ के खतरे को भापकर लोग अपने घर के कीमती सामान को ऊंचे स्थान पर रखने के प्रयास में जुट गए हैं। जलस्तर में वृद्धि होने के कारण मधुबन प्रताप, पटोरी टोला, बारा बुजुर्ग, बारा खुर्द ,चैनपुर, राघोपुर, तरबन्ना, चहुंटा दक्षिण टोला ,बभनगामा पश्चिमी, हरनी टोला समेत एक दर्जन गाव के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कटरा : बागमती के जलस्तर में वृद्धि से प्रखंड की अधिकतर सड़कों पर पानी भर गया जिससे आवागमन बंद हो गया। बकुची, पंतारी, नवादा गंगेया आदि मार्ग बाधित हो गए। सितंबर माह में ऐसी बारिश से लोग हैरत में हैं। अगर जलस्तर में वृद्धि जारी रही तो एक बार फिर बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो जाएंगे।
सड़क की ऊंचाई बढ़ने से घरों में घुसा पानी, नहीं जले चूल्हे
औराई प्रखंड मुख्यालय स्थित औराई पंचायत के औराई यादव टोला के चार सौ घरों में बारिश का पानी प्रवेश कर गया है। कई घरों की दीवारों में दरारें आने लगी हैं। ग्रामीण दीपू कुमार, अरुण राय, धर्मेंद्र राय, आमोद कुमार, दीपक, संतोष आदि ने बताया कि औराई-जाले पथ का निर्माण चल रहा है। दो फीट सड़क की ऊंचाई बढ़ने से जलनिकासी नहीं हो पा रही है। इससे बारिश व नाला का पानी सौ घरों में घुस गया गया है। जिस कारण दर्जनों परिवार का चूल्हा डूब गया। कई घरों मे खाना तक नहीं बना है। अनाज सड़ने लगा है, लोग ऊंचे स्थान पर जाने लगे हैं। ग्रामीणों ने डीएम व सीओ को त्राहिमाम संदेश भेजकर जलनिकासी की माग की है।