दरभंगा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती, शहर में टूटने लगा बंद घरों का ताला
लहेरियायासराय कोतवाली और नगर थानाक्षेत्र में चोरों ने ताडंव कर रखा है। अब लोगों का घर छोड़कर बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। अबतक चोरी के किसी भी मामले में पुलिस पर्दाफाश नहीं कर पाई है। ऐसी स्थिति में पीडि़तों का विश्वास भी पुलिस से उठता जा रहा है।
दरभंगा, जासं। लंबी कवायद के तहत शहरी सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर देने का दावा किया जा रहा है। रोजाना पुलिस के वरीय पदाधिकारी इसका जायजा ले रहे हैं। नगर एसपी और सदर एसडीओ स्वयं पैनी नजर बनाए हुए हैं। बावजूद इसके सुरक्षा के कड़े इंतजामात में चोर सेंध लगा रहे हैं। लगातार चोरी की घटनाओं ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। लहेरियायासराय, कोतवाली और नगर थानाक्षेत्र में चोरों ने ताडंव कर रखा है। अब लोगों का घर छोड़कर बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। अबतक चोरी के किसी भी मामले में पुलिस पर्दाफाश नहीं कर पाई है। ऐसी स्थिति में पीडि़तों का विश्वास भी पुलिस से उठता जा रहा है।
कई लोग तो प्राथमिकी दर्ज कराने से कतराने लगे हैं। नगर थानाक्षेत्र के शुभंकरपुर निवासी अनिल कुमार झा अपने परिवार के साथ छह दिन पू्र्व एक समारोह में भाग लेने के लिए पटना गए थे। वापस होने पर गुरुवार को घर की स्थिति देख दंग रह गए। मेन गेट का ताला लगा हुआ था। लेकिन, अंदर के ग्रिल का ताला टूटा हुआ था। स्थिति देख अनहोनी की आशंका हुई। जैसे-जैसे आगे बढ़ते गए कमरों का ताला टूटा हुआ मिला। ट्रंक, आलमीरा, दीवान आदि खुला हुआ मिला। सारा सामान घर में बिखरा पड़ा था। गृहस्वामी की सूचना स्वयं थानाध्यक्ष राकेश कुमार ङ्क्षसह जांच में पहुंचे। जहां बताया गया कि चोरों ने उनके घर से 17 हजार नकदी, जेवरात, घड़ी आदि कई सामान चोरी कर ले गए हैं। आश्चर्य की बात यह कि पास का बंद घर पूरी तरह से सुरक्षित पाया गया है। ऐसी स्थिति में स्थानीय लोगों द्वारा घटना को अंजाम देने की बात कही जा रही है।
इधर, लहेरियासराय थानाक्षेत्र में बंगाली टोला में लगातार चोरी के बाद चोरों ने गायत्री मंदिर मोहल्ला में घटना को अंजाम दिया। पवन ङ्क्षसह अपने पूरे परिवार के लोगों के साथ बहेड़ी स्थित ठाठोपुर पैतृक घर गए थे। वापस होने पर घर का हर ताला टूटा हुआ मिला। बताया चोर 70-80 हजार नकदी रुपये के साथ कई एफडी के बाउंड पेपर, लाखों के जेवरात उड़ा ले गए हैं। पवन ङ्क्षसह की पत्नी रेणू देवी ने बताया कि उनकी पुत्री का शादी होने वाली है। एक-एक जेवर बना रखे थे। पति के इलाज के लिए घर में नकदी रुपये थे। चोर सारा सामान उठाकर ले गए। इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस खोजी कुत्ता के सहारे सुराग खोजने में काफी मशक्कत की। लेकिन, कई गलियों में खोजी कुत्ता के दौडऩे के बाद भी सफलता नहीं मिल पाई। थानाध्यक्ष एचएन सिंह ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।