सीतामढ़ी: नदी में स्नान करने गईं तीन किशोरियों की डूबने से मौत Sitamarhi News
सोनबरसा थाना क्षेत्र के भुतही गांव में जिउतिया पर्व को लेकर लखनदेई नदी में स्नान करने गई तीन बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीतामढ़ी, जेएनएन। सोनबरसा थाने के भुतही गांव स्थित लखनदेई नदी में शुक्रवार की सुबह स्नान के दौरान डूबने से तीन किशोरियों की मौत हो गई। मृतकों में भुतही निवासी सिकंदर साह की पुत्री खुशबू कुमारी (14), बसंत महतो की पुत्री राज कुमारी (14) और राजेश पंजियार की पुत्री मनीषा कुमारी (13) शामिल है। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया है।
जानकारी के मुताबिक गांव की महिलाएं जिउतिया पर्व को लेकर लखनदेई नदी घाट पर स्नान करने गई थीं। उनके साथ कई बच्चियां भी शामिल थीं। स्नान के बाद महिलाएं वापस लौट गईं। घर पहुंचने के बाद सबने बच्चियों के बारे में पूछा और जब कुछ देर तक बच्चियां वापस नहीं आईं तो गांव में बच्चियों की तलाशी शुरू हुई। सबको शक हुआ कि बच्चियां नहाने के क्रम में नदी में डूब गई होगीं।
तकरीबन एक घंटे के बाद ग्रामीण नदी घाट पहुंचे तो उनका शक सही निकला। बच्चियों के शव पानी में तैरते दिखे जिसे मछुआरों की मदद से नदी से बाहर निकाला गया।