उत्तर बिहार में वज्रपात से तीन की मौत, तीन घायल

कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के गोलमा गांव के मृतकों की पहचान जीवछ राय व प्रमोद राय के रूप में हुई है। तिलकेश्वर के निकट वज्रपात की चपेट में आ गए। समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोरदीवा गांव में जागो देवी की मौत हो गई।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 09:11 AM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 09:11 AM (IST)
उत्तर बिहार में वज्रपात से तीन की मौत, तीन घायल
मौसम विभाग का कहना है कि दो दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा। प्रतीकात्मक फोटो

मुजफ्फरपुर, जागरण टीम। उत्तर बिहार में मंगलवार को वज्रपात से तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें दरभंगा के दो बुजुर्ग और समस्तीपुर की एक महिला शामिल हैं। दरभंगा के कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के गोलमा गांव के मृतकों की पहचान जीवछ राय व प्रमोद राय के रूप में हुई है। दोनों बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तिलकेश्वर के निकट वज्रपात की चपेट में आ गए। समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोरदीवा गांव में व्रजपात से 60 वर्षीया जागो देवी की मौत हो गई। व्रजपात से दरभंगा के बिरौल में दो महिलाएं झुलस गईं। इनकी पहचान हनुमाननगर की कुभेला देवी व भारती देवी के रूप में हुई है।

समस्तीपुर के खानपुर के खैरी में भी एक बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसकी पहचान शिवू साह के पुत्र कामेश्वर साह के रूप में की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि दो दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा। इसके बाद दिन साफ होने की उम्मीद है। डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विज्ञानी डा. ए सत्तार के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण बिहार में पिछले दो-तीन दिनों से तेज हवा के साथ बारिश हो रही है। मौसम विज्ञानी का कहना है कि एक-दो दिनों तक 15 से 20 किमी की रफ्तार से पुरवा हवा चलेगी। उसके बाद पछुआ का प्रभाव दिखेगा। अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

बारिश से गंडक के जलस्तर में आंशिक वृद्धि

लगातार तीन दिनों की बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उत्तर बिहार के सभी जिलों में मंगलवार को दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। बरसात से गंडक नदी के जलस्तर में आंशिक वृद्धि हुई है। गंडक बराज नियंत्रण कक्ष, वाल्मीकिनगर से मिली जानकारी के अनुसार नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश से गंडक नदी के जलस्तर में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई है। मंगलवार को गंडक बराज से एक लाख, 36 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। 

chat bot
आपका साथी