विजय जुलूस में हर्ष फायरिंग, मुखिया पति सहित तीन गिरफ्तार

सकरा प्रखंड की डिहुली इश्हाक पंचायत में चुनाव परिणाम आने के बाद मुखिया पद पर सुनैना देवी की जीत की खुशी में निकाले गए विजय जुलूस में हर्ष फायरिग की गई।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 14 Oct 2021 01:36 AM (IST) Updated:Thu, 14 Oct 2021 01:36 AM (IST)
विजय जुलूस में हर्ष फायरिंग, मुखिया पति सहित तीन गिरफ्तार
विजय जुलूस में हर्ष फायरिंग, मुखिया पति सहित तीन गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर : सकरा प्रखंड की डिहुली इश्हाक पंचायत में चुनाव परिणाम आने के बाद मुखिया पद पर सुनैना देवी की जीत की खुशी में निकाले गए विजय जुलूस में हर्ष फायरिग की गई। हर्ष फायरिग के आरोप में मुखिया पति कृष्णा राम, अरविंद राय व मनोज राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुखिया पति कृष्णा राम जनवितरण प्रणाली विक्रेता है। अरविंद राय डिहुली गांव का रहने वाला है और डाकपाल है। हर्ष फायरिग में प्रयुक्त दोनाली बंदूक उसी की है। जुलूस के आगे-आगे चल रहा मनोज राय इसी बंदूक से फायरिग कर रहा था। पुलिस ने हर्ष फायरिग में प्रयुक्त दोनाली बंदूक व पांच कारतूस भी जब्त की है।

वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस : सकरा प्रखंड के पंचायत चुनाव की मतगणना 10 अक्टूबर को हुई। इसमें मुखिया पद पर सुनैना देवी की जीत हुई। 11 अक्टूबर को उनकी ओर से डिहुली इश्हाक पंचायत क्षेत्र के गांवों विजय जुलूस निकाला गया। किसी ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि खुली जीप में मुखिया सुनैना देवी चालक की बगल वाली सीट पर बैठी है। डीजे पर तेज आवाज में भोजपुरी गाना बज रहा है। वहीं मुखिया पति कृष्णा राम व उनके दो समर्थक जीप में पीछे खड़े हैं। मुखिया पति हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे हैं, तो बगल में खड़ा सिर में पगड़ी बांधे ढाढ़ी वाला एक समर्थक हाथ उठाकर कुछ इशारा करता है। इसके बाद जीप के आगे चल रहे एक समर्थक बंदूक से उपर की ओर हवाई फायरिग करता है। यह घटना 11 अक्टूबर की रात में उस समय की है जब यह विजय जुलूस पंचायत के वार्ड-13 में पहुंचता है। मुखिया के किसी समर्थक ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मंगलवार की रात छापेमारी कर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

वर्जन : डिहुली इश्हाक पंचायत के मुखिया पति कृष्णा राम, बंदूकधारी अरविंद राय, फायरिग करने वाले मनोज राय को गिरफ्तार कर लिया गया है। बंदूक व कारतूस जब्त की गई है। दोनों की जांच कराई जाएगी। बंदूक का लाइसेंस रद कराने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

सरोज कुमार

थानाध्यक्ष, सकरा।

chat bot
आपका साथी