भारत को विश्व गुरु बनाना ही आरएसएस का लक्ष्य
भारत को फिर से विश्व गुरु बनाना राष्ट्रीय स्वयं संघ (आरएसएस) का लक्ष्य है। इसे पूरा करने के लिए जरूरी है कि शहर के तीन प्रतिशत एवं गांव के एक प्रतिशत व्यक्ति संघ की शाखाओं से जुड़ें।
मुजफ्फरपुर। भारत को फिर से विश्व गुरु बनाना राष्ट्रीय स्वयं संघ (आरएसएस) का लक्ष्य है। इसे पूरा करने के लिए जरूरी है कि शहर के तीन प्रतिशत एवं गांव के एक प्रतिशत व्यक्ति संघ की शाखाओं से जुड़ें। ये बातें पंडित नेहरू स्टेडियम में आयोजित विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन कार्यक्रम में अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख अरुण जैन ने कहीं।
प्रचारक प्रमुख ने संघ की स्थापना की जरूरत की भी चर्चा की। उन्होंने कहा, डा. हेडगेवार के बलपर संघ खड़ा हुआ। तब नागपुर से छात्र अन्य राज्यों में इसलिए भी पढ़ने जाते थे ताकि वहां संघ की शाखा का संचालन हो। आज देश के छह लाख में से तीन लाख गांवों में संघ का परोक्ष या अपरोक्ष रूप से संपर्क है। संघ आज विभिन्न रूप से सेवा कार्य कर रहा है। अब जरूरत है लोगों को शाखाओं से जोड़ने की। इस लक्ष्य को हासिल कर ही हम भारत को विश्व गुरु बनाने में सफल होंगे।
इससे पहले स्वयंसेवकों का नगर में पथ संचलन हुआ। पंडित नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों का भ्रमण हुआ। पुन: नेहरू स्टेडियम मैदान में यह सभा में तब्दील हुई।
स्वयंसेवकों का स्वागत : भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जिला महामंत्री सचिन कुमार के नेतृत्व में सरैयागंज टावर चौक पर पुष्प वर्षा कर स्वंयसेवकों का स्वागत किया। साथ ही भारतमाता की जय एवं वंदेमातरम के नारे लगाए। स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रविरंजन शुक्ला, भाजपा जिला प्रवक्ता सिद्धार्थ कुमार, योगेश कुमार टिकू, प्रो डा. महेश्वर प्रसाद सिंह, आकाश चौधरी, कन्हाई कुमार, मनीष चौधरी, शिवम कुमार, धीरज कुमार, आकाश राज सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।